Shahjahanpur News: सदर सर्किल की हर गली-मोहल्लों में रहेगा तीसरी आंख का पहरा
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 31 May 2023 12:33 AM IST
शाहजहांपुर। अपराध रोकने के लिए सदर सर्किल के सभी थानों के हर मोहल्लों और गली में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सीओ सदर अमित चौरसिया ने हलका इंचार्ज और बीट प्रभारी को सर्वे कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। कैमरे लगने के बाद कोई भी घटना होने पर बदमाशों तक पहुंचने में आसानी होगी।
सदर सर्किल में रोजा, कांट, मदनापुर, सेहरामऊ दक्षिणी और निगोही थाना आता है। अपराध रोकने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए शनिवार देर शाम सीओ सदर अमित चौरसिया ने हलका इंचार्ज और बीट प्रभारियों की बैठक ली। इसमें गांवों और मोहल्लों के प्रमुख मार्गों को चिह्नित करते हुए कैमरे लगाने की कार्ययोजना तैयार की। सीओ ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे लगने के बाद कोई भी घटना होने पर अपराधियों तक पहुंचने में काफी मदद मिलेगी। डीवीआर उसी दुकान या घर में लगवाई जाएगी, जिसमें कैमरे लगेंगे। एक महीने तक की फुटेज सुरक्षित रखी जाएगी।