Shahjahanpur News: पितृ विसर्जन अमावस्या पर हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sun, 15 Oct 2023 12:56 AM IST

पितृविसर्जन अमावस्या पर ढाईघाट में गंगास्नान करते श्रद्धालु। संवाद
मिर्जापुर। पितृ विसर्जन अमावस्या पर ढाईघाट गंगातट पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। गंगा पुरोहितों के मंत्रोच्चार पर पितरों को जलदान कर विदा किया।
पितृ विसर्जन अमावस्या पर गंगातट पर ब्रह्ममुहूर्त में ही शुरू हुआ गंगास्नान और पितरों को जलदान का क्रम दोपहर तक चलता रहा। गंगा पुरोहित पं. देवीदीन औदीच्य ने बताया कि पितृ आगमन भाद्रपद पूर्णिमा को जो श्रद्धालु गंगास्नान कर अपने पितरों को पितृ पक्ष में आमंत्रित कर गए थे, वे पितृपक्ष के 15 दिवसों में अपने पितरों की पुण्यतिथि पर श्रद्धा भाव से ब्राह्मण भोज और दान पुण्य कर पितृ विसर्जन अमावस्या को पितरों का आशीर्वाद प्राप्त कर विदा करने आते हैं। इस अवसर पर गंगातट पर मेला लगा। श्रद्धालुओं ने अपने पितरों को तृप्त करने के लिए गंगा पुरोहितों को अन्न, फल, मिष्ठान, वस्त्र के साथ नकद मुद्रा दान की।