Shahjahanpur News: किशोर समेत तीन लोगों ने फंदे से लटककर जान दी

मदनापुर में निरीक्षण करते सीओ सदर अमित चौरसिया।
– रोजा और मदनापुर में लटके मिले शव, सीओ सदर ने किया मौका मुआयना
– बहन की शादी आने से पहले किशोर ने खेत पर दी जान, बीमारी के चलते था परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। रोजा, मदनापुर और बंडा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को किशोर समेत तीन लोगों ने फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा है। रोजा में किशोर ने गंभीर बीमारी के चलते बहन की शादी से पहले आत्महत्या की है।
रोजा थाना क्षेत्र के गांव कुआंडाडा निवासी सुरेश पाल के पुत्र नवल (13) का शव खेत में खड़े नीम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। सूचना पर परिजन पहुंच गए और शव को देखकर बिलख पड़े। रोजा इंस्पेक्टर रवींद्र सिंह ने बताया कि 17 मई को नवल की बहन की शादी थी। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन गंभीर बीमारी के चलते नवल ने अपनी जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
वहीं दूसरी ओर मदनापुर के सिमराखेड़ा गांव में अजीत सिंह (20) ने घर के बाहर फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। सीओ सदर अमित चौरसिया ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की। उन्होंने ग्रामीणों के बयान भी दर्ज किए हैं।
बंडा। थाना क्षेत्र के एक गांव में 21 वर्षीय युवक ने शुक्रवार सुबह फंदे से लटककर जान दे दी। उसका शव पेड़ से रस्सी के सहारे लटका मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव को उतार लिया। थाना प्रभारी प्रदीप सहरावत ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।