Shahjahanpur News: गंगसरा में हाईवे पर निर्माणाधीन पुलिया की मिट्टी धंसने से तीन श्रमिक दबे

गंगसरा में श्रमिकाें के मिट्टी में दबने के बाद लगी लोगों की भीड़। संवाद
पुवायां (शाहजहांपुर)। हाईवे पर पुलिया निर्माण के काम में लगे तीन श्रमिक मिट्टी ढह जाने से दब गए। श्रमिकों को बमुश्किल एक घंटे बाद मिट्टी से निकाला जा सका। तीनों श्रमिकों का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया। बाद में एक श्रमिक को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
लखनऊ-पलिया नेशनल हाईवे पर शाहजहांपुर से खुटार के बीच चौड़ीकरण कार्य चल रहा है। खुटार-पुवायां के बीच गांव गंगसरा में हाईवे पर एक पुलिया निर्माणाधीन है। शुक्रवार को जनपद लखीमपुर के थाना ऊचौलिया के गांव महमदपुर चैनू निवासी अवधेश कुमार, बसखेड़ा निवासी वीरू और मोहम्मदी के गांव वीरपुर निवासी मुंशी का पुत्र अजय कई अन्य श्रमिकों के साथ यहां काम कर रहे थे। इस बीच अचानक मिट्टी ढह गई और तीनों श्रमिक मिट्टी में दब गए।
हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई। साथी श्रमिकों के शोर मचाने पर गांव के तमाम लोग और हाईवे पर काम कर रहे श्रमिक दौड़कर मौके पर पहुंचे। एक जेसीबी को भी मौके पर बुलाकर उससे मिट्टी हटवाकर श्रमिकों को बचाने का काम शुरू किया गया। जेसीबी से खोदाई कराने के बाद फावड़ों से मिट्टी हटाकर एक घंटे बाद श्रमिकों को निकाला जा सका।
इसके बाद श्रमिकों को पुवायां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से वीरू को छुट्टी दे दी गई। बाद में अवधेश और अजय को सीएचसी लाया गया। डॉक्टरों ने अजय को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
–
मिट्टी को ढहने से रोकने के नहीं थे इंतजाम
हाईवे पर काफी गहराई से पुलिया का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए जेसीबी से मिट्टी की खोदाई कर पाइक, लिंटर आदि डालने का काम किया जा रहा है। गंगसरा में जिस पुलिया पर मिट्टी धंसी है, वहां गहराई तक खोदाई तो कर दी गई, लेकिन मिट्टी को धंसने से रोकने की इंतजाम ठीक से नहीं किए गए। गनीमत रही कि हादसा गांव गंगसरा के बीच में हुआ। हादसे के तत्काल बाद लोग मौके पर आ गए और बचाव कार्य शुरू होने से श्रमिकों को जल्दी निकाल लिया गया। सुनसान स्थान पर श्रमिक दबे होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
–
श्रमिकों के दबे होने की जानकारी से इन्कार करते रहे अधिकारी
हाईवे का निर्माण मथुरा की एसआरएससी इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड की ओर से कराया जा रहा है। हादसे के संबंध में जनसंपर्क अधिकारी सुरेश शर्मा से बात की गई तो उन्होंने कोई हादसा होने से ही इन्कार कर दिया। बाद में बताया कि वह बाहर है, जिस कारण उनको जानकारी नहीं है। कंपनी के ही अधिकारी योगेश शर्मा ने कॉल ही रिसीव नहीं की। एनएचएआई की ओर से कार्य की देखरेख कर रहे राहुल चौधरी से बात की गई तो उन्होंने जोर देकर कहा कि कोई हादसा नहीं हुआ है। मौके के फोटो होने की बात कहने पर उन्होंने बताया कि उनका तबादला हो गया है। उनको मामले की कोई जानकारी नहीं है।
–
मैं जरूरी कार्य से जिला मुख्यालय पर था। श्रमिकों के मिट्टी में दबने संबंधी कोई जानकारी नहीं मिली है। एनएचएआई के अधिकारियों और निर्माण कंपनी के अधिकारियों से बात की जाएगी।
– संजय कुमार पांडे, एसडीएम, पुवायां

गंगसरा में श्रमिकाें के मिट्टी में दबने के बाद लगी लोगों की भीड़। संवाद

गंगसरा में श्रमिकाें के मिट्टी में दबने के बाद लगी लोगों की भीड़। संवाद

गंगसरा में श्रमिकाें के मिट्टी में दबने के बाद लगी लोगों की भीड़। संवाद