Budaun News: युवाओं में पढ़ाई के साथ ही बढ़ रहा है मॉडलिंग का क्रेज

अनुप्रिया
बदायूं। विकास के लिहाज से जनपद भले ही पिछड़े जिलों में गिना जाता हो, लेकिन यहां मॉडलिंग का क्रेज युवाओं में लगातार बढ़ रहा है। फिल्मी दुनिया में एंट्री के लिए युवा जिले में होने वाली गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। मॉडलिंग में भविष्य को देखते हुए युवा, किशोर और यहां तक कि बच्चे भी मॉडल, किड्स फैशन शो में लगातार ऑडिशन भी दे रहे हैं।
शिक्षा के साथ सुविधा मिलने के बाद मॉडलिंग इंडस्ट्रीज ने पिछड़े इलाकों में भी कदम रख दिए हैं। ऐसे में जिले के युवा मॉडलिंग में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। मॉडलिंग के जरिए अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने में लगे कई युवाओं से जब बात की गई, तो उन्होंने मॉडलिंग की कई खूबियां गिनाईं। उनका कहना था कि क्षेत्र चाहे कोई भी हो, व्यक्ति को नाम रोशन करने के लिए लगन और मेहनत से कार्य करना होता है। ऐसा ही मॉडलिंग में है, कलाकार कैसा भी हो यदि उसमें प्रतिभा है तो वह अपने मुकाम को हासिल कर ही लेता है।
मॉडलिंग के जरिए बॉलीवुड की तरफ रुख करना चाहती हूं। इसके लिए मॉडल फैशन शो के लिए ऑडिशन दे रही हूं। नोएडा में मिस एंड मिसेज गार्जियंस इंडिया सीजन-9 हुआ था। इसमें बिगेस्ट ब्यूटी प्रजेंस शो जीता था। मुझे अपनी प्रतिभा पर भरोसा है निश्चित ही एक दिन बॉलीवुड में मुकाम हासिल होगा। – अनुप्रिया, शिवपुरम
टीवी पर जब स्टार को देखते हैं तो मेरे मन में भी उनकी तरह टीवी पर आने का मन करता है। टीवी सीरियल या फिल्म में काम करने के लिए डांस और मॉडलिंग आनी चाहिए। इसके लिए पूरे मन से प्रयास रही हूं। उम्मीद है कि एक दिन मेरी मेहनत रंग लाएगी और मैं अपने सपनों को साकार कर सकूंगी। – अर्पिता कश्यप, विजयनगर कॉलोनी

अनुप्रिया