Shahjahanpur News: अतिक्रमण हटाने के नाम पर उत्पीड़न का विरोध करेंगे व्यापारी
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (कंछल गुट) की सोमवार को खिरनीबाग स्थित व्यापार मंडल कार्यालय में बैठक हुई। इसमें व्यापारियों ने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर यदि व्यापारियों का उत्पीड़न किया जाएगा तो विरोध होगा।
जिला महामंत्री सुरेंद्र सिंह सेठ ने कहा कि बाजार में नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान का व्यापारी पक्षधर है मगर इसके नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी दशा में व्यापार मंडल बर्दाश्त नहीं करेगा। महानगर में जाम की स्थिति पैदा करने वाला खुद नगर निगम है। सीवर लाइन खोदाई के धीमे कार्य के कारण पूरे शहर में दिनभर जाम लगता है और दोष व्यापारियों को दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बाजार के अंदर चार पहिया वाहन प्रतिबंधित होने चाहिए। बाजार में हर दो सौ मीटर पर पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए। महानगर महामंत्री अमित शर्मा ने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों और पार्षद की जो समिति बनाई गई है, उनमें व्यापार मंडल के सदस्यों को शामिल करके अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाना चाहिए।
जगह-जगह चालान होने से ग्रामीण क्षेत्र के ग्राहकों का शहर में आना कम हो गया है। इस दौरान महानगर संगठन मंत्री मोहम्मद सलाउद्दीन, शशांक कौशिक, अखिल मिश्रा, रितेश टंडन, इकबाल खान लकी, मयंक गुप्ता, कमल गुप्ता, रविंदर सिंह, शिवकुमार गुप्ता, जुबैर खान आदि मौजूद रहे।