Shahjahanpur News: देरी से आईं ट्रेनें, 20 घंटे से ज्यादा लेट हुई दून एक्सप्रेस
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sun, 01 Oct 2023 01:22 AM IST
शाहजहांपुर। अंबाला और फिरोजपुर मंडल में किसान आंदोलन के चलते मुरादाबाद मंडल की आठ गाड़ियों को निरस्त किया गया। साथ ही 14 को शॉर्ट टर्मिनेटेड व दो का रूट डायवर्ट किया गया है। इसका असर शाहजहांपुर में भी देखने को मिला। शनिवार को कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से आईं। यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अपलाइन की ऋषिकेश (दून एक्सप्रेस) शनिवार को साढ़े 20 घंटे की देरी से आई। इसके शाहजहंपुर रेलवे स्टेशन पर आने का समय रात 21:05 बजे का है। डाउन लाइन की ट्रेनों में गाड़ी संख्या 13010 हावड़ा (दून एक्सप्रेस) अपने निर्धारित समय से 13 घंटे और 15654 अमरनाथ एक्सप्रेस छह घंटा देर से आई।
इनके अलावा भी कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित समय से नहीं आ सकीं। अधिकतर ट्रेनें आधे घंटे से अधिक लेट रहीं। उनसे यात्रा करने के लिए अपना पहले से टिकट करवा चुके यात्रियों को अधिक दिक्कत हुई। स्टेशन अधीक्षक पीएस तोमर ने बताया कि किसान आंदोलन के चलते ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। कुछ ट्रेनें देरी से चल रहीं हैं।

