Budaun News: बुखार से तीन दिन में आठ लोगों ने तोड़ा दम
बिल्सी, दातागंज और कुंवरगांव क्षेत्र में नहीं सुधर रहे हालात, कई लोग बीमार
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बुखार से लोगों की जान जाने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। इसी के चलते तीन दिन में अलग-अलग क्षेत्राें में बुखार से आठ लोगों की मौत हो गई। बिल्सी, दातागंज और कुंवरगांव क्षेत्र में हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं, काफी संख्या में लोग बीमार हैं। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने किसी भी मौत का कारण बुखार नहीं माना है।
बिल्सी क्षेत्र के गांव बहेटा गुंसाई में भी बुखार का प्रकोप काफी बढ़ गया है। जिस कारण तीन दिनों में रिजवान (32), शाहिस्ता (12), गंगादेवी (70), लियाकत अली (42) व जैनब (22) की बुखार से मौत हो गई। बुखार के प्रकोप के चलते ग्रामीणों में दहशत है।
ग्रामीणों ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग बुखार से पीड़ित हैं। जो निजी चिकित्सकों के यहां इलाज करा रहे हैं। इधर, दातागंज के गांव गनगोला निवासी जलालुदीन (55) व सितारा (40) की भी बुखार से मौत हो गई तो सालारपुर ब्लॉक के हसनपुर गांव के अब्दुल हसन की पत्नी शमीना (45) ने भी बुखार के कारण दम तोड़ दिया। उनका इलाज भी निजी चिकित्सक के यहां चल रहा था।
ग्रामीणों का कहना है कि सूचना देने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग ने गांवों की ओर रुख नहीं किया है।
बिल्सी के गांव बेहटा गुसाई में कुछ लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है। इस पर एसडीएम बिल्सी, तहसीलदार, सीएचसी बिल्सी के चिकित्सा अधीक्षक गांव गए थे। वहां पर पांच लोगों की अलग-अलग कारणाें से मौत हुई थी। डेंगू, मलेरिया से मौत होना नहीं पाया गया है।
-डॉ. प्रदीप कुमार वार्ष्णेय



