Shahjahanpur News: ट्रेनें रहीं निरस्त, रोडवेज बसों में उमड़ी भीड़
– इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 30 जून से पांच जुलाई तक निरस्त हैं कई ट्रेनें
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। मुरादाबाद मंडल के ऐंगवा स्टेशन की लूप लाइन में इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 30 जून से पांच जुलाई तक कई ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया है। इसकी वजह से शनिवार को दूसरे दिन भी जंक्शन पर ट्रेनों की कमी और लेटलतीफी से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ऐंगवा स्टेशन की लूप लाइन में इंटरलॉकिंग कार्य के चलते शाहजहांपुर जंक्शन पर रुकने वालीं राज्यरानी एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस, बरेली-वाराणसी-बरेली एक्सप्रेस, वाराणसी-देहरादून-वाराणसी जनता एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, बरेली-प्रयागराज संगम-बरेली एक्सप्रेस, लखनऊ-चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस, शाहजहांपुर-बालामऊ पैसेंजर, लखनऊ-शाहजहांपुर-लखनऊ पैसेंजर, सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस, शक्तिनगर त्रिवेणी एक्सप्रेस पांच जुलाई तक निरस्त हैं।
दूसरी ट्रेन में तत्काल में टिकट मिल जाने के बाद भी सीट मिलना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में ट्रेनों के जनरल कोचों में पैर रखने की जगह तक नहीं मिल रही। ठसाठस भरे कोच में चढ़ने-उतरने के लिए भी लोगों को धक्कामुक्की का सामना पड़ रहा है।
काशी-विश्वनाथ एक्सप्रेस छह और गुवाहटी पांच घंटा रही लेट
दिल्ली की ओर जाने वाली गाड़ी संख्या 15715 अजमेर गरीब नवाज एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय सुबह 7:21 की जगह 8:26 बजे आई। सत्याग्रह एक्सप्रेस पौन घंटा, आनंद विहार टर्मिनल एक घंटा, आनंद विहार टर्मिनल सद्भावना एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटा देरी से आई। लखनऊ की तरफ जाने वाली ट्रेनों में गुवाहटी अमरनाथ एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटा, कोलकाता एक्सप्रेस एक घंटे, अवध असम एक्सप्रेस दो घंटा, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस छह घंटे लेट रही। चंडीगढ़ की ट्रेन चंडीगढ़ सुपर फास्ट एक्सप्रेस सवा घंटे देर से आ सकी।
रोडवेज बसों में रही भीड़भाड़
ट्रेनों के निरस्त तथा पांच से छह घंटे तक देरी से आने के कारण कई यात्री रोडवेज बस से यात्रा कर रहे हैं। इससे रोडवेज की बसों में भी यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। बसें खचाखच भरकर चल रहीं हैं। सबसे ज्यादा भीड़ दिल्ली और लखनऊ की ओर जाने वाली बसों में है। वहीं मेरठ के लिए शाहजहांपुर डिपो की कोई बस नहीं होने के कारण यात्रियों को शाम 7:30 बजे मे गोला डिपो की बस के आने का इंतजार करना पड़ रहा है। गोला डिपो की बस मेरठ जाती है।

