Shahjahanpur News: क्षमता से अधिक गन्ना लादकर दौड़ रहे ट्रक

मिर्ज़ापुर कस्बे में मुरादाबाद-फरुखाबाद हॉइवे से निकलता गन्ने का ओवर ओवरलोड ट्रक। संवाद
मिर्जापुर। कलान और मिर्जापुर क्षेत्र में क्षमता से अधिक गन्ना लादकर दौड़ रहे ट्रकों से हादसे की आशंका बनी हुई है। दो वर्ष पहले ऐसा ही एक ट्रक पलटने से दो लोगों की मौत हो गई थी, लेकिन प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया है। लोगों ने मानक के विपरीत चल रहे ट्रकों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
हरदोई के रूपापुर स्थित चीनी मिल के कई गन्ना खरीद केंद्र कलान-मिर्जापुर क्षेत्र में हैं। इन केंद्रों से खरीदा जाने वाला गन्ना ट्रकों में भरकर मिल को भेजा जाता है। गन्ने की ढुलाई में लगे ट्रक बॉडी से तीन मीटर ऊंचाई तक गन्ना भरकर ले जाते हैं। ट्रकों को आते देखकर चालक अनहोनी की आशंका में अपने वाहन रोड के किनारे रोककर इनके निकलने की प्रतीक्षा करते हैं।
यही नहीं, रोड क्रॉस कर रही विद्युत लाइन भी इन ट्रकों में फंसकर क्षतिग्रस्त हो जाने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाती है। मिर्जापुर क्षेत्र के ग्राम पृथ्वीपुर में आठ दिसंबर, 2021 को गन्ने से भरा ट्रक रोड क्रॉस कर रही विद्युत लाइन में उलझकर पलट गया था। ट्रक के नीचे दबकर गांव के फूलसिंह की पत्नी सोनकली और सुरेश की पत्नी सोमवती की मृत्यु हो गई थी।
प्रशासन ने इस हादसे से भी कोई सबक नहीं लिया। इस वर्ष फिर गन्ने लगे ट्रक खतरनाक ढंग से दौड़ने लगे हैं। वहीं, करणी सेना के जिलाध्यक्ष सूर्यप्रताप सिंह, भाकियू के तहसील अध्यक्ष उदयवीर सिंह, व्यापारी अखिलेश गुप्ता, सुधीर गुप्ता आदि ने डीएम से गन्ने के ओवरलोड ट्रकों की जांच कराने की मांग की है।
क्षमता से अधिक गन्ने भरकर चलने वाले ट्रकों की पुलिस को जांच करनी चाहिए। कलान और मिर्जापुर थाना प्रभारियों को ट्रकों की जांच के निर्देश दिए जा रहे हैं। -महेश कुमार कैथल, एसडीएम कलान