Shahjahanpur News: बाढ़ के पानी में चार साल की बालिका समेत दो की मौत

मृतक ध्रुव का फाइल फोटो।
मिर्जापुर। बाढ़ में डूबने से बालक और बालिका की मौत हो गई। बालक बाढ़ को देखने गया था। वह साइकिल समेत बह गया। बमुश्किल उसे तैराकों ने तलाश कर सीएचसी पर भेजा, जहां उसकी मौत हो गई। दूसरी ओर बाढ़ की वजह से सड़क पर तिरपाल तानकर रहने वाले परिवार की चार साल की बच्ची की पानी में डूबने से मौत हो गई।
जलालाबाद-ढाईघाट शमशादबाद स्टेट हाईवे पर ग्राम धीयरपुरा के पास डिप पर तेजी से बह रहे पानी में क्षेत्र के गांव ढाई निवासी लालाराम के 12 वर्षीय पुत्र ध्रुव साइकिल समेत बह गया। वह रविवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे दो अन्य बच्चों के साथ गंगा नदी की बाढ़ देखने जा रहा था। बाढ़ के पानी में नहा रहे लोगों ने ध्रुव को बहते देखा तो बचाव के प्रयास शुरू किए। तब तक वह काफी दूर बह चुका था। तैराकों ने उसे बमुश्किल बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए सीएचसी पर भेजा। सूचना पर आए एसडीएम महेश कुमार कैथिल, नायब तहसीलदार पंकज कुमार और थाना प्रभारी विनोद तोमर भी मौके पर पहुंचे। सीएचसी पर बालक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ध्रुव की मौत से पिता लालाराम, मां सुशीला, बड़ी बहन पिंकी व भाई उत्तम का रो-रोकर बुरा हाल है।
इसके अलावा ग्राम आजादनगर के ग्रामीण परिवार समेत चौरा-बांसखेड़ा मार्ग पर आश्रय लिए हुए हैं। रविवार अपराह्न करीब दो बजे अन्ना मियां की पुत्री रुशिमा खाना खाकर मार्ग के किनारे भरे बाढ़ के पानी में हाथ धोने गई थी। तभी उसका पैर फिसल गया। वह गहरे पानी में डूब गई। बेटी रुशिमा के न लौटने पर उसकी मां खुशीमा तिरपाल से बाहर निकलकर उसे देखने गई। उसे कहीं पर बेटी नजर नहीं आई। संदेह होने पर खुशीमा ने अपने पति अन्ना मियां से बेटी के बाढ़ के पानी में डूबने की बात बताई। इसके बाद अन्ना ने गांव के अन्य शरणार्थियों के साथ रुशिमा को पानी में तलाशना शुरू किया। काफी देर के बाद बेटी का शव उन्हें मिल गया। बालिका के डूबने की सूचना समाजसेवी रिजवान अहमद ने तहसील प्रशासन और पुलिस को दी। मृतका छह भाई-बहनों में सबसे छोटी थी।

मृतक ध्रुव का फाइल फोटो।

