Shahjahanpur News: नहाने गईं दो बहनाें की तालाब में डूबकर मौत

निगोही में रोते-बिलखते मृतक बालिकाओं के परिजन
शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र के गांव पतराजपुर निवासी राजेश कोरी की बेटी नीलम (10) और शीला (8) की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चों के साथ तालाब में नहाने गईं थीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उनके शवों को बरामद कर लिया गया। बहनों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मेहनत-मजदूरी करने वाले राजेश कोरी की बेटियां नीलम और शीला बुधवार की दोपहर करीब दो बजे घर के बाहर खड़ी थीं। घर से करीब 250 मीटर की दूरी पर स्थित तालाब के किनारे बच्चे नहा रहे थे। उन बच्चों को देखकर शीला और नीलम भी तालाब में उतर गईं और नहाने लगीं। नहाते समय वे गहराई में चली गईं। कई गोते लगने के बाद दोनों तालाब में डूब गईं। शोर-शराबा सुनकर अन्य बच्चों में भगदड़ मच गई। वे दौड़कर अपने घरों में गए और परिजनाें को जानकारी दी। कुछ देर में गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बालिकाओं को तलाश करने के प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत के बाद उनके शवाें को बाहर निकाला जा सका। शवों को देखकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना के बाद हल्का इंचार्ज प्रदीप शर्मा, लेखपाल राजीव आदि मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरी जानकारी ली। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव के स्कूल में पढ़तीं थीं दोनों बालिकाएं
नीलम और शीला गांव के प्राथमिक स्कूल में पढ़ती थी। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति काफी ज्यादा खराब है। मृतकों की मां नीतू व पिता राजेश के आंसू नहीं थम रहे हैं। परिवार में बेटा शिवम व डेढ़ साल की बेटी शिल्पी रह गई है।
पूर्व विधायक ने परिजनों को दी सांत्वना
बालिकाओं की मौत की सूचना के बाद विधायक सलोना कुशवाहा, पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा, ब्लॉक प्रमुख भानु प्रताप सिंह, और सपा नेता अजफर अली ने परिजनों को सांत्वना दी।
बालिकाओं के तालाब में डूबने की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
-अमित चौरसिया, सीओ सदर

निगोही में रोते-बिलखते मृतक बालिकाओं के परिजन

निगोही में रोते-बिलखते मृतक बालिकाओं के परिजन