शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: कांवड़िये व मुहर्रम का जुलूस आमने-सामने न आए, कैमरों से रखें निगाह

Connect News 24

The procession of Kanwariya and Muharram should not come face to face, keep an eye on the cameras

शाहजहांपुर में पुलिस लाइंस में बैठक को सम्बो​धित करते एडीजी पीसी मीना

शाहजहांपुर। कांवड़ यात्रा व मुहर्रम के जुलूस को शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराने के लिए बुधवार को पुलिस लाइन के सभागार में अपर पुलिस महानिदेशक पीसी मीना ने अधीनस्थों से साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मुहर्रम व कांवड़ के जुलूस एक रास्ते पर आमने-सामने नहीं आने चाहिए। उन्होंने सीसीटीवी लगवाकर निगरानी के निर्देश दिए।

दोपहर में आए एडीजी पीसी मीना को पुलिस लाइन में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने सभागार में कांवड़ व मुहर्रम को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक थाना क्षेत्र में त्योहारों को देखते हुए ऑपरेशन दृष्टि के तहत सीसीटीवी लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य चौराहों व तिराहे और अन्य जगहों पर कैमरे लगवाकर उसे थाने से सीधे जोड़ें। पहले के लगे कैमराें को सही कराने के लिए भी कहा।

एडीजी ने कांवड़ रूट पर लगे कैमरों के मकान मालिकों के मोबाइल नंबर व लोकेशन भी जुटाने के साथ संवेदनशील स्थानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कांवड़ व मुहर्रम के जुलूस के रास्ते पर गांव व मोहल्ले के गण्यमान्य लोगों के नाम व मोबाइल नंबर लेकर उन्हें वालंटियर की तरह आईकार्ड जारी करने व दोनों जुलूसों के पांच से सात लोगों के नाम लेकर जिम्मेदारी से व्यवस्था सौंपने को कहा। उन्होंने चेताया कि आपराधिक इतिहास वालों को शामिल करने से बचें।

एडीजी ने थाना स्तर पर डीजे व ताजिया की ऊंचाई को लेकर संबंधित से वार्ता कर मानक के अनुसार कराने पर जोर दिया। एडीजी ने कहा कि यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। रूट को सेक्टर में बांटकर पुलिस की पेट्रोलिंग कराएं। एसपी अशोक मीणा, एसपी सिटी सुधीर जायसवाल, एसपी देहात संजीव वाजपेयी आदि मौजूद रहे।

मांस और मदिरा की दुकानें बंद रहें

एडीजी ने कांवड़ रूट पर सभी मांस की दुकानें बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मदिरा की दुकानों को बंद कराने के लिए नोटिस दे दें। इसके लिए प्रशासन से वार्ता भी कर ली गई है। उन्होंने कांवड़ व ताजिया जुलूस के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button