Shahjahanpur News: खुदरा बाजार में ज्यादा खप रहे दो हजार के नोट

बुधवार को टाउन हॉल की एसबीआई शाखा में रहा सन्नाटा। संवाद
शाहजहांपुर। जिले की बैंक शाखाओं में बुधवार को भी 2000 के नोट बदले और जमा किए गए। इस दौरान बैंकों में सामान्य दिनों की तरह ही लेनदेन होता रहा। हालांकि खुदरा बाजार में ज्यादा नोट खपाए जा रहे हैं।
आरबीआई ने 2000 के नोट चलन से बाहर करने के साथ ही 30 सितंबर तक उन्हें बैंकों में जमा करने और बदलवाने की घोषणा की है। इसके बाद से जिले की सभी बैंक शाखाओं में सामान्य तरीके से नोट जमा और बदले जा रहे हैं। बुधवार को भी एसबीआई, बीओबी, एचडीएफसी समेत सभी सरकारी व गैर सरकारी बैंकों की शाखाओं में 2000 के नोट जमा और बदले गए।
नोट बदलने वालों से ज्यादा जमा करने वालों की संख्या रही। एक अनुमान के अनुसार जिले की 250 बैंक शाखाओं में 2000 के नोट के रूप में 20 करोड़ रुपये खातों में जमा कराए गए, जबकि बदले गए नोट 18 लाख मूल्य के रहे। एलडीएम दीपक चंद्रा ने बताया कि बैंकों में नोट जमा और बदलवाने को लेकर किसी तरह की शिकायतें प्राप्त नहीं हो रही है।
खुदरा बाजार में बड़ी 2000 के नोट की आवक
जिले के खुदरा बाजार में भी 2000 के नोट खूब खपाए जा रहे हैं। लोग राशन आदि खरीदने के लिए दुकानदारों को नोट दे रहे है। बहादुरगंज में किराना व्यापारी राजेश गुप्ता ने बताया कि सुबह से शाम तक आठ-दस लोग आ चुके हैं। सभी के पास 2000 के नोट थे। उन्होंने रसोई का सामान खरीदा। किराना व्यापारी महेश कुमार ने बताया कि उनके पास भी 2000 के कई नोट आए हैं।