Shahjahanpur News: उदित की मौत की गुत्थी उलझी, सिर पर चोट का निशान मिला
परिजन हत्या का लगा रहे आरोप, पुलिस गिरने से मौत की आशंका जता रही
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र के गांव अरेली निवासी उदित प्रताप सिंह (37) का शव पीलीभीत-शाहजहांपुर रेलवे ट्रैक पर सोमवार सुबह पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट आने से मौत होना स्पष्ट हुआ है। पुलिस जानवर को भगाने के दौरान रेलवे ट्रैक पर गिरने से चोट लगने की बात कह रही है। वहीं परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
रविवार की रात खेत की रखवाली करने गया उदित प्रताप सिंह रेलवे ट्रैक के बीच में पड़ा मिला था। राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी। मृतक के पिता ने हत्या का आरोप लगाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर भारी वस्तु से वी के आकार में चोट का निशान मिला है। सिर भारी चीज से टकराने से अंदर की हड्डी भी टूटी मिली है।
एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि जानवरों को भगाने के दौरान रेलवे ट्रैक पर लड़खड़ा कर गिरने से मौत होने की आशंका है। परिजन किसी से रंजिश से इन्कार कर रहे हैं लेकिन हत्या का भी आरोप लगा रहे हैं।
–
सर्विलांस का सहारा ले रही पुलिस
परिजन के आरोपों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उसके लिए सर्विलांस का सहारा लिया गया। घटनास्थल के पास सक्रिय मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। दूसरी ओर पुलिस ने ट्रेन के चालक से पूछताछ का प्रयास कर रही है।