Budaun News: हाईटेंशन लाइन का तार टूटा, युवक की मौत

मृतक कासिम का फाइल फोटो।
सहसवान (बदायूं)। कस्बे में अकबराबाद चौराहे पर मंगलवार सुबह अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से उसकी चपेट में आए कासिम (24) की मौत हो गई। वह अपनी बाइक की सर्विस कराने चौराहे पर आया था। जैसे ही वह मिस्त्री की दुकान से बाहर निकला तभी उसके ऊपर तार टूटकर गिर गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बाजपुर निवासी कौसर का पुत्र कासिम खेतीबाड़ी करता था। मंगलवार सुबह वह अपने छोटे भाई नाजिम के साथ बाइक की सर्विस कराने अकबराबाद चौराहे पर आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह मिस्त्री की दुकान के टिनशेड के नीचे बैठा था। वह वहां से उठकर दुकान के बाहर निकला, तभी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया और कासिम के ऊपर आ गिरा। इससे कासिम जमीन पर गिर गया और तार में उलझ कर झुलस गया। कुछ लोगों ने कासिम को बचाने के लिए डंडा से तार को अलग किया, लेकिन तब तक कासिम करंट लगने से बेसुध हो चुका था।
मौके पर मौजूद लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी पाकर परिवार वाले भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। थोड़ी देर बाद पुलिस भी आ गई। पहले परिवार वाले शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार करते रहे थे, लेकिन बाद में उन्होंने हामी भर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार वालों ने बताया कि कासिम दो भाइयों में बड़ा था। उसकी शादी हो चुकी है। उसकी एक छोटी बेटी भी है।
सुबह हुआ हादसा, दोपहर बाद पहुंचे कर्मचारी
सहसवान के अकबराबाद चौराहे पर टूटी हाईटेंशन लाइन देर शाम तक नहीं जोड़ी जा सकी। हालांकि हादसे के तुरंत बाद लाइन ब्रेक डाउन में चली गई। दोपहर बाद कुछ कर्मचारी पहुंचे और टूटी हुई लाइन को दोनों खंभों से काटकर ले गए। बताया जा रहा है कि जो लाइन टूटकर गिरी थी। वह ग्रामीण इलाके को जा रही थी। लाइन काटने से सहसवान के ग्रामीण इलाके की आपूर्ति ठप हो गई है।
हाईटेंशन लाइन ले चुकी हैं इन लोगों की जान
12 फरवरी 2023- बिसौली के सुजानपुर गांव में 14 वर्षीय अनोज
13 फरवरी 2023- कुंवरगांव क्षेत्र में फरीदपुर चकोलर निवासी प्रभुदयाल
15 जुलाई 2023- मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव मूसेपुर में आठ वर्षीय शिवानी
20 जुलाई 2023- बिसौली की कॉलोनी में इशरत बी, बेटी निक्की और बेटा अरुण
21 अगस्त 2023- दातागंज के गांव गंडाह में सुमित अग्निहोत्री
अफसर बोले- होते रहेंगे हादसे
ऊर्जा निगम के अधीक्षण अभियंता अखिलेश कुमार ने कहा कि जिले में ओवरलोड की समस्या बनी हुई है। लाइनें भी जर्जर हैं। जब तक ओवरलोड की समस्या खत्म नहीं होगी, तब तक ऐसे ही हादसे होते रहेंगे। यह बहुत बड़ी समस्या है। इससे निपटने की कोशिश की जा रही है।

मृतक कासिम का फाइल फोटो।