Shahjahanpur News: अंपायर का निर्णय नहीं माना, रावतपुर की टीम टूर्नामेंट से बाहर

संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Thu, 04 Jan 2024 12:43 AM IST

कैंट मैदान में मैच खेलते खिलाड़ी। संस्था
शाहजहांपुर। मयूर स्पोर्टिंग की ओर से कैंट मैदान पर शहीद कप क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को पहला मैच रावतपुर और रिजवान स्पोर्टिंग के बीच खेला गया। विवादित मैच में अंपायर का निर्णय नहीं मानने पर रावतपुर की टीम को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया। इससे रिजवान स्पोर्टिंग टीम विजेता घोषित की गई।
बुधवार को टॉस जीतकर रावतपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम के खिलाड़ियों ने 20 ओवर में 166 रन बनाए। इसमें खिलाड़ी राहुल ने 80 और एहतशाम ने 39 रन का योगदान दिया। दूसरी पारी में लक्ष्य का पीछा करने उतरी रिजवान स्पोर्टिंग की टीम ने खिलाड़ी को आउट न देने पर अंपायर के निर्णय का विरोध शुरू कर दिया। टीम ने कमेटी का निर्णय भी नहीं माना। इस पर टूर्नामेंट के संयोजक मयूर खन्ना ने रावतपुर की टीम को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। इसके बाद रिजवान स्पोर्टिंग टीम विजेता घोषित कर दी गई। मयूर खन्ना ने बताया कि रिजवान स्पोर्टिंग का खिलाड़ी आउट नहीं हुआ था। बावजूद रावतपुर के खिलाड़ी अंपायर के निर्णय का पालन नहीं कर रहे थे। रिजवान स्पोर्टिंग की ओर से इरफान ने 54, शिवेंद्र ने 30 रन बनाए। मैच के अंपायर सत्येंद्र सिंह व विक्की रहे। स्कोरिंग साहिल ने की। मैन ऑफ द मैच विजेता इरफान को घोषित किया गया।
इसके बाद दूसरा मैच झंडा क्लब और एमजीटी क्लब के बीच खेला गया। झंडा क्लब ने 23 रन से मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच में झंडा क्लब ने पहले बल्लेबाजी कर 124 रन बनाए थे, जबकि एमजेड की टीम 101 रन पर ही ऑलआउट हो गई।

