Shahjahanpur News: बंथरा के पास सिग्नल ठप होने से अप लाइन की ट्रेनें हुईं प्रभावित
शाहजहांपुर/बरेली। बरेली-शाहजहांपुर के बीच बंथरा के पास बृहस्पतिवार को रेलवे का इंटरलॉकिंग ब्लॉक सिस्टम (आईबीएस) फेल होने से सिग्नल ठप हो गया। इससे अप लाइन की कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। कुछ ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर रोकना पकड़ा। करीब एक घंटे के बाद तकनीकी टीम ने आईबीएस ठीक किया, तब ट्रेनों का संचालन सुचारु हो सका।
हाल के दिनों में बरेली-शाहजहांपुर के बीच रसुइया और बंथरा स्टेशन पर लूप लाइन डाली गई है। दोनों स्थानों पर आई-इंटरलॉकिंग का काम हुआ है और नया सिग्नल सिस्टम लगाया है। अभी यह सिस्टम ट्रायल पर है। बृहस्पतिवार को तकनीकी खराबी के कारण बंथरा के पास आईबीएस ने काम करना बंद कर दिया।
सिग्नल न मिलने से 22419 सुहेलदेव एक्सप्रेस ढाई घंटा, 13152 कोलकाता एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, 20503 राजधानी एक्सप्रेस एक घंटा, 22453 राज्यरानी एक्सप्रेस दो घंटा, 15119 दून एक्सप्रेस एक घंटा देरी से बरेली पहुंची। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इधर, बृहस्पतिवार को बरेली-चंदौसी रेल लाइन पर भी रामगंगा आउटर का सिग्नल फेल हो जाने से ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।