Shahjahanpur News: परेशान नहीं थे वरुण, किसी ने आत्महत्या के लिए उकसाया
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sun, 26 Nov 2023 01:02 AM IST
शाहजहांपुर/कलान। परौर थाने के दरोगा वरुण सिंह के फंदे से लटक कर जान देने के मामले में उनके चचेरे भाई आशीष सिंह ने अज्ञात पर आत्महत्या के लिए उकसाने का संदेह जताया है। कहा कि वरुण परेशान नहीं थे। इस संबंध में एसपी देहात को उन्होंने प्रार्थना पत्र सौंपा। निष्पक्ष जांच की मांग की।
शामली जिले के थाना झिझाना के गांव चौदहहाड़ी निवासी वरुण सिंह ने बृहस्पतिवार रात सरकारी आवास में फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली थी। वह वायरलेस इयरबड लगाए थे। माना जा रहा है कि उनकी किसी से फोन पर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान उन्होंने आत्महत्या की। वरुण के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। इधर, सूचना पर शामली के भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष व वरुण के चचेरे भाई आशीष पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनकी जानकारी में किसी महिला से उनके प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। उस महिला ने ही वरुण को आत्महत्या के लिए उकसाया होगा। उनके मोबाइल की सीडीआर निकलवाकर जांच कराई जाए। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर शामली चले गए।
निष्पक्ष जांच के लिए एसपी से मिलेंगे परिजन
आशीष ने वरुण के मोबाइल फोन से छेड़खानी का आरोप भी लगाया है। बताया कि वह निष्पक्ष जांच के लिए एसपी से मुलाकात करेंगे जिससे स्थिति स्पष्ट हो सके। बता दें कि उप निरीक्षक वरुण के मोबाइल फोन में पैटर्न लॉक लगा है। उसे जबरन खोलने पर डाटा डिलीट होने की आशंका है। हालांकि फिर भी पुलिस प्रयास कर रही है कि किसी तरह से मोबाइल का पैटर्न लॉक खोला जा सके।
वरुण के भाई ने प्रार्थना पत्र दिया है। इस मामले की जांच कराई जा रही है। संजीव कुमार वाजपेयी, एसपी देहात

