Shahjahanpur News: सब्जी विक्रेता काे दरोगा और सिपाहियों ने पीटा
खुटार। पुवायां थाने के सिपाही पर बुजुर्ग को पीटने का मामला सामने आने के एक दिन बाद ही खुटार थाने के दो सिपाहियों और दरोगा पर सब्जी विक्रेता को थाने ले जाकर बेवजह पीटने और चालान करने का आरोप लगा है। पीड़ित ने सीओ से मामले की जांच कर न्याय की गुहार की है।
मोहल्ला पश्चिमी गढ़ी निवासी मोहम्मद आसिफ ने सीओ को भेजे पत्र में बताया कि वह खुटार के मेन चौराहे के पास सब्जी बेचते हैं। 27 मई को दो सिपाही उनके पास पहुंचे और किसी व्यक्ति का पता पूछने लगे। उसके जानकारी होने से इन्कार किया तो मोबाइल से एक नंबर पर कॉल करने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर दोनों सिपाही उन्हें बाइक पर बैठाकर थाने ले गए।
थाने में दोनों सिपाहियों और एक दरोगा ने उन्हें पटे से पीटा। उन्हें उनकी गलती तक नहीं बताई गई। इसके बाद शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। पीड़ित ने सीओ से मामले की जांच कर दोषी सिपाहियों और दरोगा पर कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि कई बार चेतावनी देने के बाद भी आसिफ फुटपाथ पर अतिक्रमण करते हैं। इस कारण ही आसिफ को थाने लाया गया था और चालान किया गया था।
दरोगा पर पहले भी लग चुके हैं लोगों को पीटने के आरोप
दरोगा पर पहले भी लोगों को थाने लाकर पीटने के आरोप लग चुके हैं। खुटार सीएचसी में बीसीपीएम के आवास से चोरी के मामले में दरोगा ने कई लोगों को पकड़कर पीटा था। विरोध पर निर्दोषों को छोड़ा गया था। दरोगा के खिलाफ थाना गेट पर प्रदर्शन तक हो चुका है लेकिन लोगों को बेवजह पीटने का सिलसिला बंद नहीं हो रहा है।
इस तरह का मामला संज्ञान में नहीं आया है। पुलिस ने सब्जी विक्रेता को क्यों पकड़ा था, इसकी जांच कराई जाएगी। – पंकज पंत, सीओ पुवायां