पीलीभीत

Pilibhit News: सेनानियों का लौटेगा सम्मान, सहेजे जाएंगे नाम

Connect News 24

निकाय चुनाव से पहले हटा दिया गया था बीसलपुर तहसील से स्मृति पटल, उपजिलाधिकारी ने प्रोफार्मा जारी कर मांगे नाम

संवाद न्यूज एजेंसी

बीसलपुर। निकाय चुनाव के बाद प्रशासन को आखिरकार तहसील परिसर से हटाए गए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम का स्मृति पटल लगाने की याद आ ही गई। उपजिलाधिकारी ने लोगों से क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम मांगे हैं। जांच के बाद इनके नाम का स्मृति पटल तहसील में लगवाया जाएगा।

बीसलपुर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम का स्मृति पटल निकाय चुनाव से कुछ समय पहले हटा दिया गया था। अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसको लेकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कुंवर भगवान सिंह ग्राम फोरम के संयोजक सुधीर विद्यार्थी ने मंडलायुक्त से शिकायत की थी। मंडलायुक्त ने डीएम पीलीभीत को जांच सौंपी थी।

निकाय चुनाव के कारण मामला लंबित पड़ा रहा। अब निकाय चुनाव हो जाने के बाद एसडीएम ने एक पत्र जारी किया है। इसमें कहा गया है कि बीसलपुर क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम को तहसील बीसलपुर में स्मृति पटल पर लगाने के लिए कोई भी व्यक्ति सूचना उपलब्ध करा सकता है। इसके लिए एक प्रोफार्मा जारी किया गया है। जिसमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्वाधीनता आंदोलन में योगदान का विवरण देना होगा। इससे संबंधित साक्ष्य व अभिलेख भी दिखाने होंगे।

जांच के बाद इन नामों को तहसील परिसर में स्मृति पटल पर लगाया जाएगा। प्रशासन की कवायद के बाद यह तय हो गया है कि जल्द ही बीसलपुर तहसील में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम का स्मृति पटल लग जाएगा।

बीसलपुर क्षेत्र के जो भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहे हों, उनके परिजन या अन्य कोई भी व्यक्ति उनका संक्षिप्त विवरण साक्ष्य या अभिलेख के साथ दे सकता हैं। इसके लिए प्रोफार्मा भी जारी कर दिया गया है।

– आशुतोष गुप्ता, उपजिलाधिकारी, बीसलपुर


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button