Shahjahanpur News: कहीं अवैध संबंधों में तो नहीं हुई हिस्ट्रीशीटर की हत्या

मृतक अखिलेश का फाइल फोटो।
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बाला तिराही निवासी हिस्ट्रीशीटर अखिलेश गुप्ता हत्याकांड में खुलासे के नजदीक पुलिस पहुंच गई है। माना जा रहा है कि उसकी हत्या अवैध संबंधों के चलते की गई है।
शनिवार की रात अजीजगंज स्थित मोक्षधाम में रात करीब साढ़े दस बजे लकड़ी ठेकेदार हिस्ट्रीशीटर अखिलेश गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एसपी ने घटना के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस सेल व थाना पुलिस को लगाया है। टीमों का नेतृत्व एसपी सिटी सुधीर जायसवाल कर रहे हैं। पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। इसमें कई अहम सुराग मिले हैं। तथ्यों की पुष्टि के लिए पुलिस की टीमों ने बरेली, दिल्ली और सीतापुर तक छापा मारा है।
अखिलेश की हत्या अवैध संबंधों को लेकर होने की भी आशंका जताई गई है। उसके कई महिलाओं से संबंधों के बारे में उसकी पत्नी तारा गुप्ता ने खुद स्वीकार की है। सोमवार को तारा ने एक बार फिर कई राज खोले हैं। उसने आरोप लगाया कि अखिलेश का कई महिलाओं के साथ संबंध थे। किसी महिला का फोन आने पर अखिलेश तुरंत चला जाता था।
आरोप लगाया कि अखिलेश की रिश्तेदार महिला से भी संबंध थे। वह बाहर ही रुपये देते थे। घर का खर्चा चलाने भर का रुपया ही उन्हें व दूसरी पत्नी को देते थे। इसी बात को लेकर रिश्तेदार महिला के खिलाफ मुकदमा भी तारा ने दर्ज कराया था। तारा के अनुसार, अखिलेश ने भतीजे प्राकुंल गुप्ता के नाम पर 15 दिन पहले जमीन का बैनामा कराया था।
मामले की जांच की जा रही है। टीमों को हत्यारोपियों की तलाश के लिए लगाया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। – सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी

