Shahjahanpur News: नर्सिंग कॉलेज के निर्माण का रास्ता साफ

डॉ.राजेश कुमार। स्रोत-स्वयं
शाहजहांपुर। कांट-जलालाबाद मार्ग पर जिगनेरा गांव में नर्सिंग कॉलेज बनने का रास्ता साफ हो गया। जिला स्तर से सारी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद कार्यदायी संस्था ने कॉलेज का लेआउट बनाकर शासन को भेजा है। कॉलेज का नक्शा तैयार करने के लिए अधिकारियों ने स्थल का भ्रमण भी किया। धन आवंटन होने के बाद कार्य शुरू होने की संभावना है।
जिगनेरा में नर्सिंग के छात्र-छात्राओं के 60-60 सीट के दो बैच संचालित होते हैं लेकिन कॉलेज का भवन नहीं है। ऐसे में राजकीय मेडिकल कॉलेज में ही उनकी कक्षाएं संचालित हो रही हैं। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने नर्सिंग कॉलेज के लिए एक एकड़ जमीन की मांग की थी। प्रशासन के प्रयास से नर्सिंग कॉलेज के लिए जमीन आवंटित कर दी गई। शासन ने कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम को निर्माण के लिए नामित कर दिया। कार्यदायी संस्था ने कॉलेज का लेआउट तैयार कराया है। इसके अतिरिक्त कॉलेज का नक्शा भी तैयार कराया जा रहा है।
कार्यदायी संस्था के जीएम ने किया था निरीक्षण
उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के जीएम डीएस राना ने बुधवार को अपनी टीम के साथ कॉलेज का निरीक्षण किया था। उन्होंने नर्सिंग कॉलेज के भवन को लेकर चर्चा भी की। एडमिन ब्लॉक, ऑफिस, लेक्चर थियेटर, कार्यालय, लैब और कक्षाओं आदि बनाने की प्रस्तावना पर प्राचार्य से बातचीत की।
राज्य और केंद्र के सहयोग से बनेगा भवन
नर्सिंग कॉलेज के लिए भारत सरकार से 60 और राज्य सरकार से 40 फीसदी धनराशि का आवंटन होगा। यहां से लेआउट बनाकर शासन को भेजा गया जहां से भारत सरकार को भेजा जाएगा। वहां से मुहर लगने के बाद कार्यदायी संस्था को धन आवंटन होगा। इसके बाद कार्य शुरू करा दिया जाएगा। बीएससी नर्सिंग के दो बैच में 120 छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। यह चार साल का कोर्स होता है।
-नर्सिंग कॉलेज बनने का रास्ता साफ हो गया है। भवन निर्माण की प्रक्रिया ने तेजी पकड़ ली है। शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजा गया। जल्द ही कार्य शुरू होगा।
डॉ. राजेश कुमार, प्राचार्य