Shahjahanpur News: ट्रांसमिशन के स्विच यार्ड में सीटी फटी, सिटी पार्क उपकेंद्र रहा ठप
शाहजहांपुर। 220 केवी पैना ट्रांसमिशन के स्विच यार्ड में बृहस्पतिवार की सुबह करीब दस बजे सीटी फट गई। इसके चलते सिटी पार्क उपकेंद्र के करीब सात हजार घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
सिटी पार्क उपकेंद्र पर चार दिन पहले हुए फाल्ट से बवाल के बाद बृहस्पतिवार को एक बार फिर से फाल्ट आ गया। ट्रांसमिशन में सीटी फटने के चलते सिटी पार्क उपकेंद्र ठप हो गया। सुबह दस बजे अचानक बिजली गुल होने पर लोग बेहाल हो गए। लोदीपुर, सिटी पार्क, इंदिरा नगर समेत कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके चलते लोग परेशान होते रहे। पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे बिजली आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। अवर अभियंता मनीष प्रजापति ने बताया कि ट्रांसमिशन से फाल्ट आने के चलते बिजली गुल हो गई थी।
ककरा में तीन घंटे गुल रही आपूर्ति, जेई ने फोन नहीं उठाया
ककरा उपकेंद्र में बुधवार की रात बिजली गुल हो गई। भीषण गर्मी में बिजली गुल होने से लोग परेशान हो गए। लोगों ने उपकेंद्र के जेई को फोन लगाया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। बिजली आपूर्ति के मामले में ककरा उपकेंद्र की हालत काफी खराब है। आए दिन यहां पर फाल्ट हो जाते हैं और उन्हें सही जवाब नहीं दिया जाता है। बुधवार की रात करीब आठ बजे बिजली गुल हो गई। इसके चलते लोगों को गर्मी में हाल खराब हो गया। उपकेंद्र व अवर अभियंता को फोन लगाया, लेकिन सही जवाब नहीं मिला। करीब 11 बजे बिजली आने पर लाेगों ने रात की सांस ली।
जेई का वीडियो वायरल, बोले-बैनामे को नहीं मानते
ककरा उपकेंद्र के जेई का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह बिजली कनेक्शन के नाम पर उपभोक्ता से भिड़ते नजर आ रहे हैं। वह मकान के कागज को वैद्य नहीं मान रहे हैं। इसके चलते नोकझोंक हो रही है। इस संबंध में जेई से संपर्क करने का प्रयास किया तो उन्होंने सीयूजी नंबर पर कॉल रिसीव नहीं की।