Shahjahanpur News: तार पर कपड़े डालने के दौरान करंट लगने से महिला की मौत

रामसती का फाइल फोटो। स्रोत-परिजन
कांट की घटना, लोहे के तार में छू रहा था टूटा केबल
संवाद न्यूज एजेंसी
कांट। थाना क्षेत्र के गांव पलिहुरा निवासी मुंशी की पत्नी रामसती (45) काे छत पर लोहे के तार पर कपड़े डालने के दौरान करंट लग गया। जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। बताते हैं कि लोहे के तार से केबल का तार छूने के चलते करंट उतर आया था।
मुंशी मेहनत-मजदूरी करते हैं। सोमवार को परिवार के सभी सदस्य काम करने के लिए चले गए। सुबह करीब नौ बजे रामसती छत के ऊपर कपड़े फैलाने के लिए गईं थी। चौकी प्रभारी सतेंद्र कुमार के अनुसार, लोहे के तार पर कपड़े डालने के दौरान करंट लग गया।
बताते हैं कि केबल टूटकर लोहे की तार से छू गया। जिसके चलते तार में करंट उतर आने के कारण उनकी मौत हो गई। इस बीच पड़ोसियों को जानकारी हुई तो लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर परिजन और पुलिस पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रामसती अपने पीछे तीन बेटे और दो बेटियां छोड़ गईं हैं।