Shahjahanpur News: राष्ट्रीय संगोष्ठी में युवा उद्यमियों का सम्मान

आकांक्षा सिंह युवा उद्यमी के सम्मान से नवाजते मुख्य शिक्षा संकुल की अधिष्ठाता चिन्मयानंद सरस्वत
– एसएस कॉलेज में हुआ दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। एसएस कॉलेज के वाणिज्य संकाय व एसएस लॉ कॉलेज के संयोजन में ‘उद्यमिता, स्वरोजगार एवं स्वावलंबी भारत’ विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसकी शुरुआत स्वामी शुकदेवानंद के चित्र के समक्ष दीप जलाकर व पुष्पांजलि देकर की गई। इस मौके पर युवा उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया।
मुख्य शिक्षा संकुल की अधिष्ठाता चिन्मयानंद सरस्वती ने कहा कि वर्तमान का युवा सोचता है कि मेरी जिम्मेदारी सिर्फ मेरे परिवार की है। उसकी यह सोच जिम्मेदारी लेने से पीछे करती है। युवाओं को चाहिए कि वे सरकारी संसाधन पर निर्भर न रहकर उद्यम स्थापित कर सरकार के संसाधनों को मजबूत बनाएं।
जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक अरुण कुमार पांडे ने कहा कि 18 से 40 साल की आयु के युवा यदि उद्योग स्थापित करने के लिए सरकारी योजना का आर्थिक लाभ लेते हैं, तो उन्हें 25 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान की जाती है। स्थानीय जरी और कालीन के तकनीकी द्वारा उत्पादन बढ़ाने व उद्योग के आधुनिक परिवर्तन के साथ विकसित करने के लिए सरकार 25 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि परंपरागत उद्योग को संरक्षण मिल सके इस उद्देश्य से महिला उद्यमियों के लिए सरकार विशेष योजनाएं जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से दे रही है। जिसमें स्टांप ड्यूटी की बचत व अन्य प्रकार की आर्थिक सुविधा शामिल हैं। इंडियन बैंक के प्रबंधक अभिनव निगम ने कहा कि उद्यम स्थापित करने के लिए पूंजी अर्जन को जटिल प्रक्रिया के रूप में न देखें। अब बैंकों ने लोन देने की प्रक्रिया का सरलीकरण किया है। बताया कि 10 हजार से लेकर के 25 लाख तक लोन कम दर पर प्राप्त कर सकते हैं।
इस दौरान युवा उद्यमी सम्मान से गीता श्रीवास्तव, आकांक्षा सिंह, कशिश वर्मा, देवांश दीक्षित आदि को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर एसएस कॉलेज प्राचार्य आरके आजाद, एसएस लॉ कॉलेज प्राचार्य डाॅ. जेएस ओझा, वाणिज्य विभागाध्यक्ष अनुराग अग्रवाल, एके मिश्रा, डाॅ. कविता भटनागर, डाॅ. प्रियंका शर्मा, मृदुल शुक्ला, अमिता रस्तोगी, रचना रस्तोगी, शिवानी भारद्वाज आदि मौजूद रहे।

