Shahjahanpur News: संदिग्ध हालात में युवक की मौत, घर के बाहर शव डाल गए दोस्त


विभू का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
भावलखेड़ा (शाहजहांपुर)। दोस्तों के साथ नववर्ष के पहले दिन घूमने निकले युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। आरोप है कि उसके दोस्त घर के बाहर शव डालकर भाग गए। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। वहीं, उसके दोस्त लखीमपुर खीरी में हादसे में जान जाने की बात कह रहे हैं जिनमें से एक दोस्त अस्पताल में भर्ती भी है।
थाना आरसी मिशन क्षेत्र के मोहल्ला मिश्रीपुर निवासी विभू (22 वर्ष) हरिद्वार में रहकर नौकरी करते थे। दो दिन पहले विभू छुट्टी लेकर शाहजहांपुर के मोहल्ला तिलहरजई निवासी अपने बहनोई सूरज के घर आए थे। यहां से सोमवार को दिन में करीब 11 बजे वह अपने घर जाने की बात कहकर निकले। बाद में दोस्तों के साथ घूमने चले गए। आरोप है कि इसके बाद दोस्त उसे मंगलवार सुबह कार से मिश्रीपुर में घर के बाहर छोड़कर भाग गए। सूरज उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डाॅक्टर ने विभू को मृत घोषित कर दिया।
शरीर में मिली अंदरूनी चोटें
परिजनों के पूछने पर दोस्तों ने बताया कि लखीमपुर के पसगवां थाना क्षेत्र के जलालपुर के पास हादसा हुआ था। इधर, सूरज ने बताया कि विभू के शरीर पर चोट के निशान नहीं है। उसकी जेब में दस हजार रुपये रखे थे जो गायब हैं और न ही अभी तक उसकी बाइक का कुछ पता चल सका है। परिजनों ने जांच की मांग की है। इधर, पोस्टमार्टम में शरीर के अंदरूनी अंगों में चोट मिली है। लिवर आदि फटा मिला है।
शादी करने के लिए शहर में करना चाहता था काम
बहनोई सूरज ने कहा कि विभू काफी समय से हरिद्वार में रहकर नौकरी कर रहे थे। परिजन उसकी शादी के लिए लड़की देख रहे थे। कुछ दिन पहले उसने कहा था कि वह अब शाहजहांपुर में ही रहकर कुछ काम करना चाहता है। इसके लिए विभू ने बहनोई से एक ऑटो खरीदकर देने के लिए कहा था ताकि वह कुछ काम कर सके। सोमवार को ही बहनोई उसके लिए नया ऑटो खरीदने वाले थे। विभू मां रामवती का इकलौता बेटा था। पिता रामासरे की पहले मौत हो चुकी है। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। चौक कोतवाली प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि लखीमपुर में हादसा होने की बात बताई जा रही है। परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। मामले की जांच की जा रही है।

विभू का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन