शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: बंडा में बुखार से युवक की मौत, मलेरिया के तीन नए रोगी मिले

Connect News 24

Youth dies of fever in Banda, three new malaria patients found

शाहजहांपुर के एक गांव में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगाया गया स्वास्थ्य शिविर। स्वास्थ्य विभाग

शाहजहांपुर/ बंडा। बुखार को फैलने से रोकने के तमाम सरकारी दावों के बीच मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। शनिवार को बंडा में बुखार पीड़ित एक युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं मलेरिया के तीन नए मरीज मिलने के साथ ही संख्या 287 पहुंच गई है।

बंडा के गांव खड़पारी निवासी महेंद्र सिंह यादव के 18 वर्षीय पुत्र प्रांशु यादव को पांच दिन से बुखार आ रहा था। बंडा के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को प्रांशु की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे बरेली ले गए। बरेली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई।

प्रांशु की मौत से भाई सचिन, मां वंदना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि गांव में आदित्य यादव, श्याम बहादुर, कुंदन सिंह समेत 12-15 लोग बुखार से पीड़ित हैं। बंडा सीएचसी प्रभारी डॉ. वीके वर्मा ने बताया कि वह शुक्रवार को गांव में गए थे। एक-दो लोग साधारण बुखार से पीड़ित हैं। उनका इलाज किया जा रहा है।

वहीं शनिवार को जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर 9723 मरीजों का उपचार किया गया। सीएमओ डॉ. आरके गौतम ने सभी चिकित्सा अधीक्षकों को संक्रामक बीमारियों के फैलने के मद्देनजर सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जहां बुखार के ज्यादा मरीज मिल रहे हैं, वहां कैंप लगाने के लिए कहा है।

आशा कार्यकर्ताओं और आशा संगिनी को गांव में बुखार के मरीज मिलने पर उच्चाधिकारियों को सूचित करने के निर्देश दिए हैं। सीएमओ डॉ. आरके गौतम ने बताया कि शनिवार को 2195 मरीजों की लैब में जांच कराई गई। 115 मरीजों को भर्ती किया गया है। साथ ही 18 मरीजों को रेफर किया गया। 2195 लोगों के स्क्रीनिंग जांच में मलेरिया के तीन और टायफाइड के चार संदिग्ध रोगी मिले हैं।

यह बरतें सावधानी

जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसपी गंगवार ने बताया कि बुखार आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक की सलाह अवश्य लें। घर के आसपास पानी एकत्र न होने दें। पानी एकत्रित होने पर उसमें जला हुआ मोबिल ऑयल, केरोसिन ऑयल या डीजल डाल दें। मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें। अनुपयोगी बर्तनों, कूलर, फ्रिज, गमले, पंछियों और जानवरों के पानी पीने के बर्तनों आदि को एक सप्ताह से पहले बदल दें। शौचालय का प्रयोग करें, नालियों की सफाई रखें।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button