Shahjahanpur News: घर में विवाद के बाद फंदे से लटककर युवक ने दी जान

फंदे से लटककर जान देने वाले विजय विक्रम सिंह का फाइल फोटो
जलालाबाद। मोहल्ला आजादनगर में घर में विवाद के बाद मंगलवार रात 32 वर्षीय विजय विक्रम सिंह ने घर की बैठक में बेड की चादर का फंदा बनाकर पंखे से लटककर जान दे दी। घरवालों को सुबह में घटना की जानकारी हुई। मृतक के ससुराल पक्ष के लोगों ने घरवालों पर हत्या कर शव लटका देने का आरोप लगाया है।
सेवानिवृत्त शिक्षक हरिपाल सिंह के तीन बेटों में दो बाहर रहते हैं। घर में हरिपाल सिंह, उनकी पत्नी के अलावा मंझला बेटा विजय विक्रम सिंह अपने परिवार के साथ रहता था। हरिपाल सिंह ने बताया कि मंगलवार रात विजय शराब पीकर आया और उसने घर में विवाद करना शुरू कर दिया। देर रात तक उसकी पत्नी से कहासुनी होती रही। बाद में वह बैठक में सोने चला गया, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे छत पर स्थित कमरे में जाकर सो गए। सुबह नौ बजे तक बैठक का दरवाजा न खुलने पर विजय को आवाज दी गई। शक होने पर पड़ोसियों की मदद से दरवाजे को तोड़ा गया। अंदर विजय विक्रम का शव बेड की चादर से बनाए गए फंदे से पंखे से लटका हुआ था।
मृतक के पत्नी आरती के अलावा तीन साल की बेटी गौरी और दो साल का बेटा राम है। आरती मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव कील्हापुर निवासी प्रेमपाल सिंह की बेटी है। प्रेमपाल समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोग विजय की हत्या करने का आरोप लगा रहे थे। थाना प्रभारी प्रवीण सोलंकी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं आई है।

