Shahjahanpur News: किशोरी से बात कर रहे युवक को पीटा, फिर पुलिस को सौंपा
पुवायां। किशोरी से बात कर रहे एक युवक की किशोरी के परिजनों ने पिटाई कर दी और पुलिस को सौंप दिया। थाने में किशोरी युवक के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही। इसको लेकर काफी देर तक पंचायत चलती रही।
एक मोहल्ला निवासी एक युवक बृहस्पतिवार को एक काॅलेज मैदान के पास नाबालिग प्रेमिका से बात कर रहा था। किसी ने इसकी जानकारी किशोरी के परिजनों को दे दी। मौके पर पहुंचे किशोरी के परिजनों ने युवक को पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई।
थाने में किशोरी अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ गई। वह अपने पिता पर ही परेशान करने का आरोप लगाने लगी। बाद में पुलिस ने किशोरी को समझाकर परिजनों के साथ भेज दिया। युवक पुलिस हिरासत में है। इससे पूर्व भी युवक किशोरी को बहलाकर अपने साथ ले गया था। यह मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार राय ने बताया कि मारपीट का मामला नहीं है। लड़की अपने पिता पर ही आरोप लगा रही थी। उसे समझाकर घर भेज दिया गया है।