Shahjahanpur: सब्जी विक्रेता को दरोगा और सिपाहियों ने पीटा, पीड़ित ने सीओ से लगाई न्याय की गुहार

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर में पुवायां थाने के सिपाही पर बुजुर्ग को पीटने का मामला सामने आने के एक दिन बाद ही खुटार थाने के दरोगा और दो सिपाहियों पर सब्जी विक्रेता को थाने ले जाकर बेवजह पीटने और चालान करने का आरोप लगा है। पीड़ित ने सीओ से मामले की जांच कर न्याय की गुहार की है।
मोहल्ला पश्चिमी गढ़ी निवासी मोहम्मद आसिफ ने सीओ को भेजे पत्र में बताया कि वह खुटार के मेन चौराहे के पास सब्जी बेचता है। 27 मई को दो सिपाही उनके पास पहुंचे और किसी व्यक्ति का पता पूछने लगे। उसके जानकारी होने से इनकार किया तो मोबाइल से एक नंबर पर कॉल करने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर दोनों सिपाही उन्हें बाइक पर बैठाकर थाने ले गए।
शांतिभंग में किया चालान
थाने में दोनों सिपाहियों और एक दरोगा ने उन्हें पटे से पीटा। उसे उसकी गलती तक नहीं बताई गई। इसके बाद शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। पीड़ित ने सीओ से मामले की जांच कर दोषी सिपाहियों और दरोगा पर कार्रवाई की मांग की है।