शुएब गोलीकांड : बीपी और हार्ट बीट सामान्य नहीं, हालत नाजुक

चौक कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में गोलीकांड के आरोपी
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बाबूजई निवासी शुएब (30) का ब्लड प्रेशर और हार्ट बीट साथ नहीं दे रही है। ब्लड प्रेशर सामान्य न हाेने के कारण उसका ऑपरेशन नहीं हो सका है। हालत नाजुक होने के कारण उसे दिल्ली के अस्पताल में आईसीयू में रखा गया है। दूसरी ओर पुलिस ने नामजद तीन आरोपियों में दो को गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार की शाम करीब साढ़े सात बजे मोबाइल कारोबारी शुएब को रिश्तेदारी से घर लौटते समय कनपटी पर गोली मार दी गई थी। हालत गंभीर होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज से बरेली और वहां से दिल्ली रेफर कर दिया गया था। शुएब की बुआ तबस्सुम ने बताया कि घायल की हालात काफी गंभीर है। ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव व हार्ट बीट सामान्य न होने के कारण ऑपरेशन नहीं हो पा रहा है। डॉक्टर अभी संक्रमण नहीं फैलने की दवा दे रहे हैं।
गोलीकांड में पुलिस ने शुएब के चाचा सलीम अहमद की ओर से तारिक, गुफरान और नदीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने घायल की पत्नी चांदनी से पूर्व में तारिक के भाई मुशरान से शादी न करने पर रंजिश का उल्लेख किया था। शुएब के गोली मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई।
एसपी सिटी सुधीर जायसवाल के निर्देशन में पुलिस ने बाबूजई के नदीम व हयातपुरा मोहल्ले के गुफरान को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी तारिक अभी फरार है। इंस्पेक्टर केबी सिंह ने बताया कि वांछित तारिक की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों को दूसरे जिलों में रवाना किया गया है।