सिखों ने दिया बलिदान, देश सेवा में रहे आगे : विर्क

गजरौला में आयोजित सिख महासम्मेलन में सासद वरूण गांधी का स्वागत करते सिख समाज के लोग । संवाद
गजरौला (पीलीभीत)। भारतीय सिख संगठन के अध्यक्ष जसवीर सिंह विर्क ने कहा कि देश की आजादी के लिए सिख समाज ने भी अपना बलिदान दिया। अब भी सेवा कर रहा है, लेकिन उनके योगदान को भुला दिया गया है। सिख समाज हमेशा देश की सेवा में आगे रहेगा।
वह रविवार को हाईवे किनारे एक प्लॉट में आयोजित सिख महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सिख समाज की समस्याओं और उनके योगदान पर चर्चा की। कहा कि भारतीय सिख संगठन के नेतृत्व में सिखों की राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय समस्याओं को प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जाएगा। इसमें किसानों की कच्ची जमीन, जाति प्रमाणपत्र और राय सिख समाज को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने की मांग की जाएगी।
सम्मेलन में दोपहर में पहुंचे सांसद वरुण गांधी ने संगठन के लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में सिख समाज का बहुत बड़ा योगदान रहा है। मंच से सांसद का स्वागत किया गया। उन्होंने संगठन की बातों और समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया।
इस महासम्मेलन को लेकर दो दिन से तैयारी चल रही थी। सांसद के हस्तक्षेप पर अनुमति मिलने के बाद कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। काफी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रही। सुबह से ही लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था।

गजरौला में आयोजित सिख महासम्मेलन में सासद वरूण गांधी का स्वागत करते सिख समाज के लोग । संवाद