मानकों की अनदेखी पर होगी कड़ी कार्रवाई: आलोक कुमार
पीलीभीत। प्रमुख सचिव नियोजन आलोक कुमार ने रविवार को जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार के साथ निर्माणाधीन मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन मेडिकल कालेज के निर्माण कार्यों को देखा।
निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की मैप व लेआउट के माध्यम से जानकारी ली। इसके साथ ही साथ उन्होंने टाइल्स के कार्य को देखा और उसकी गुणवत्ता परखी। निरीक्षण के दौरान लेक्चर रिसर्च लैब, रिसेक्शन हाल, लेक्चर थियेटर, बायो केमिस्ट्री, लाबी, कोरी डोर, टाइप-4 आवास, सीसीटीवी जोन रूम, एलओपी सहित अबतक कराए गए कार्यों को देखा।
निरीक्षण के दौरान आधे-अधूरे कार्य पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। संस्था को कार्यों को तेजी से कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने चेतावनी देते हेतु कहा कि मेडिकल कालेज के निर्माण की गुणवत्ता की अनदेखी की गई तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को मेडिकल काॅलेज में विद्युत कनेक्शन, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाएं व समस्त कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम ने परिसर में आम के पौधे रोपे।