गठबंधन का विधायक बनने से स्वार-टांडा को होगा चहुमुंखी विकास: राठौर
स्वार। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री जेपीएस राठौर ने त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों को आगाह किया है कि वह स्वार-टांडा विधान सभा क्षेत्र का चहुमुखी विकास चाहते हैं तो भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाकर विधान सभा में भेजने के लिए जुट जाएं।
क्षेत्र के सहपुरा गांव में ब्लॉक प्रमुख शाहीन यूसुफ एवं चमरौव क्षेत्र के पूर्व विधायक अली यूसुफ अली द्वारा आहूत कार्यकर्ता एवं जन प्रतिनिधि सम्मेलन में मंत्री ने यह बातें कहीं। कहा कि प्रदेश में प्रचंड बहुमत की सरकार है। एक विधायक के चुनने न चुनने से सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा लेकिन इससे स्वार-टांडा के विकास की राहें जरुर खुल जाएंगी। कहा कि चहुमुंखी विकास के लिए गठबंधन के अपना दल एस प्रत्याशी शफीक अहमद अंसारी को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए जुट जाएं। सांसद घनश्याम सिंह लोधी ने कहा कि सांसद के साथ अगर स्वार का विधायक भी पार्टी का होगा तो विकास की गति को पंख लग जाएंगे। उन्होंने गठबंधन प्रत्याशी को जिताने का आहवान किया।
सम्मेलन में पूर्व विधायक अली यूसुफ अली ने कहा कि सांसद, विधायक और ब्लॉक प्रमुख एक ही पार्टी के होंगे तो विकास कार्य भी उतनी ही गति से होंगे। प्रत्याशी शफीक अहमद ने कहा कि उप चुनाव में जनता के सहयोग से ऐतिहासिक जीत होगी। इसके लिए कार्यकर्ता ताकत से जुट जाएं। भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। सम्मेलन में मुर्शद पाशा, शमशाद पाशा, इसलाम बल्ली, नाहिद खां समेत काफी प्रधान एवं बीडीसी मौजूद रहे।


