चेयरमैन को मारी गोली: मोबाइल की लत और गुस्से ने छात्र को बनाया अपराधी, पहले भी कॉलेज में की थी तोड़फोड़

लोटस इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कॉलेज के प्रबंधक को छात्र ने मारी गोली
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में एंड्रायड मोबाइल की लत और मामूली बात पर गुस्सा होने की आदत ने बीफार्मा के छात्र श्रेष्ठ सैनी को अपराधी बना दिया। उसने बुधवार को लोट्स इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के चेयरमैन अभिषेक अग्रवाल को गोली मार दी। इसके बाद फरार हो गया। कॉलेज चेयरमैन की पत्नी रामपुर गार्डन निवासी अर्चना अग्रवाल की ओर से छात्र के खिलाफ फरीदपुर थाने में रिपोर्ट कराई गई है।
श्रेष्ठ सैनी को मोबाइल लाने पर कॉलेज के कर्मचारी से अभद्रता के आरोप में निलंबित किया गया था। इससे क्षुब्ध छात्र बुधवार दोपहर चेयरमैन के ऑफिस में गया और तमंच से उन पर गोली दाग दी। गनीमत रही कि ऐन वक्त पर उन्होंने गर्दन घुमा ली। गोली उनके दाहिने गाल को रगड़ते हुए निकल गई।
भोजीपुरा मेडिकल कॉलेज में उन्हें भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर है। लोट्स इंस्टीट्यूट प्रबंधन ने नियम बना रखा है कि छात्र-छात्राएं कॉलेज में एंड्रायड मोबाइल नहीं लाएंगे। विद्यार्थी केवल कीपैड वाला सादा मोबाइल परिसर में ला सकते हैं। एंड्रायड मोबाइल लाने पर 500 रुपये जुर्माना वसूलने का प्रावधान है।
श्रेष्ठ सैनी एंड्रायड मोबाइल रखता और सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहता था। वह इंस्टीट्यूट में भी मोबाइल ले जाता था। फैकल्टी मैनेजर डॉ. प्रेम ने बताया कि बृहस्पतिवार को प्रवक्ता आलोक कुमार क्लास में पढ़ा रहे थे। इस दौरान श्रेष्ठ मोबाइल चला रहा था। आलोक ने उसका मोबाइल लेकर प्रवक्ता उजमा के पास जमा कर दिया था।



