रामपुर

पहली बोर्ड बैठक : इस बार होगा हंगामा या निकलेंगे हल

Connect News 24

रामपुर।आज नगर पालिका की पहली बोर्ड बैठक होने वाली है। पालिका की इस सत्र की पहली बोर्ड बैठक से शहर की आम जनता को काफी उम्मीदें हैं। अभी तक ही हुई बोर्ड बैठकों से लोगों को सिर्फ निराशा ही हाथ लगी है। कई बैठकें हंगामे की भेंट चढ़ गई तो कई कैंसिल भी करानी पड़ी। यहां तक कि बैठकों का कोरम भी पूरा नहीं हो सका। पिछले पांच सालों की बात करें तो महज 15-20 बोर्ड बैठकें ही हो सकी हैं। इस बार की बोर्ड बैठक विकास की आगे की दिशा तय करेगी। बोर्ड बैठक आज शाम तीन बजे से नगर पालिका परिषद में कराई जाएगी।

नगर पालिका में हर साल बोर्ड बैठक बुलाई जाती है। जिसमें शहर के विकास का खाका खींचते हुए इसमें प्रस्ताव पर मुहर लगाई जाती है और इसके बाद उन प्रस्तावों पर काम किया जाता है। मगर रामपुर में पिछले पांच साल के कार्यकाल की अगर बात करें तो योजनाओं पर काम तो दूर की बात है, उनके प्रस्तावों पर ही मुहर नहीं लग सकी। पांच साल में करीब 15-20 बैठकें हुई। जिनमें से चार से पांच बोर्ड बैठक खारिज भी कर दी गई। इन बैठकों के दौरान भाजपा और कांग्रेस समर्थित सभासदों के बीच तनातनी और हंगामा ही देखने को मिला है। जिस वजह से शहर में कई वार्डों में अभी तक विकास नहीं हो सका है। पानी, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी चीजों की भी पूर्ति नहीं हो पाई है। 43 वार्ड अभी भी विकास से अछूते हैं। नए कार्यकाल की पहली बैठक से लोगों को काफी उम्मीदें है। इस बार 31 निर्दलीय सभासद, 10 भाजपा और दो आम आदमी पार्टी के सभासद बोर्ड बैठक में भाग लेंगे। अभी कुछ दिन पहले ही सभी सभासदों से उनके वार्डों में अछूते रह गए विकास कार्यों की सूची मांगी गई थी। सभी सभासदों ने अपनी सूची पालिकाध्यक्ष को सौंप दी है। अब आज पहली बोर्ड बैठक में फिर हंगामे होंगे या फिर प्रस्तावों पर मुहर लगकर हल निकल सकेंगे। यह देखने वाला होगा। इस पहली बैठक से ही विकास की दिशा तय हो सकेगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button