शाहजहाँपुर

मुसीबत का सफर : त्योहार पर उमड़ी भीड़, बसें गायब, सीट मिलना हुआ मुश्किल

Connect News 24

Troubled journey: Crowd gathered on the festival, missing buses, difficult to get seat

त्रिवेणी एक्सप्रेस में चढ़ते यात्री। संवाद

शाहजहांपुर। रक्षाबंधन पर सुगम सफर का दावा पहले दिन ही धड़ाम हो गया। रोडवेज की बसों से सफर करने के लिए बहनों की भीड़ उमड़ पड़ी। अधिक भीड़ उमड़ने से बसों का लंबा इंतजार करना पड़ा। इस बीच सीट को लेकर काफी मारामारी रही। यही हाल ट्रेनों का भी रहा।

परिवहन निगम ने दो दिन महिलाओं को निशुल्क सफर की सुविधा दी है। मंगलवार रात 12 बजे से फ्री में सफर की शुरुआत हो गई। बुधवार को विभिन्न मार्गों के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। सबसे ज्यादा बरेली, फर्रुखाबाद, पीलीभीत आदि रूट की सवारियां रहीं। बसों के न आने से यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। बस के आते ही यात्रियों की भीड़ सीट घेरने को उमड़ पड़ी। बस के अंदर प्रवेश को लेकर मारामारी रही। खिड़की के जरिये बच्चों को प्रवेश कराकर सीट पक्की करने का कई यात्रियों ने प्रयास किया। भीड़ अधिक होने के चलते यात्रियों को बसों का इंतजार भी करना पड़ा। इसमें महिलाओं की संख्या अधिक रही। डिपो प्रभारी विनोद मिश्रा ने बताया कि लांग रूट के मुसाफिरों की संख्या कम रही है। लोकल मार्ग पर अधिक सवारियां रहीं हैं। इसमें 50 प्रतिशत तक महिलाएं शामिल हैं।

बसें ही नहीं आ रहीं

मैलानी जाने के लिए काफी देर से बस का इंतजार कर रहे हैं। बस ही नहीं आ रही है। फ्री में सफर की घोषणा की है, पर पर्याप्त बसों का इंतजाम नहीं किया।

– कलावती

रोडवेज के पर्याप्त इंतजाम नहीं

बरेली जाने के लिए करीब दो घंटे से बैठे हुए हैं। भीषण गर्मी में रोडवेज में पर्याप्त इंतजाम भी नहीं है। इसके चलते यात्रियों को दुश्वारियों से जूझना पड़ रहा है।

– प्रेमवती

त्योहार स्पेशल न चलने से ट्रेनों में भी रही मारामारी

शाहजहांपुर। रेलवे की ओर से हर साल रक्षाबंधन पर त्योहार स्पेशल ट्रेनें चलाई जाती हैं। साथ ही संचालित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी बढ़ाए जाते है। इस बार ऐसा नहीं हुआ। इस कारण बहनों और अन्य यात्रियों को काफी परेशानी हुई।

कुछ ट्रेनों में इतनी भीड़ रही कि आरक्षित यात्रियों को भी सीट नहीं मिल सकी। ट्रेनों में सामान्य श्रेणी के कोच में पैर रखने की भी जगह नहीं थी। सबसे ज्यादा भीड़ लखनऊ की ओर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस में रही। इसके अलावा अमरनाथ एक्सप्रेस, सियालदह एक्सप्रेस, अवध आसाम एक्सप्रेस में भी पैर रखने की जगह नहीं थी। ये ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर भी नहीं आईं। ट्रेनों के आधा से दो घंटे तक देरी से चलने के कारण भी यात्रियों को परेशान होना पड़ा। वहीं, जननायक एक्सप्रेस बुधवार को निरस्त रही। संवाद

रेलवे ने रक्षाबंधन को लेकर कोई विशेष ट्रेन चलाए जाने या अतिरिक्त कोच बढ़ाने की घोषणा नहीं की है। ट्रेनों में भीड़भाड़ को ध्यान में रखकर सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं। आरपीएफ व जीआरपी सक्रिय है, जिससे कोई घटना घटित न हो। – एसके ठाकुर, वरिष्ठ वाणिज्य निरीक्षक

ई-बसों में क्षमता से दोगुने यात्रियों ने किया सफर

शाहजहांपुर। शासन ने रक्षाबंधन को लेकर रोडवेज के साथ ई-बसों में भी महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा की घोषणा की है। इसके चलते ई-बसों में बुधवार को क्षमता से दोगुने यात्रियों ने सफर किया।

ई-बस में 28 सीटें होती हैं, जबकि 50 से 60 यात्री बैठाए गए। क्षमता से अधिक होने पर कुछ यात्रियों को उतारना भी पड़ा और दूसरी बस आने के लिए इंतजार करने की अपील चालकों और परिचालकों द्वारा की गई। ई-बस संचालन प्रभारी संदीप लाहा ने बताया कि 24 ई-बसों का संचालन किया जा रहा है। इनको शहर के साथ ही तिलहर, जलालाबाद, पुवायां, कांट, निगोही, बीसलपुर तक भी चलाया जा रहा है। संवाद

त्रिवेणी एक्सप्रेस में चढ़ते यात्री। संवाद

त्रिवेणी एक्सप्रेस में चढ़ते यात्री। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button