बदायूं

Budaun News: ऑनलाइन होते ही मदरसों से कम हो गई छात्र-छात्राओं की संख्या

Connect News 24

बदायूं। जिले के सभी अनुदानित और मान्यता प्राप्त मदरसों को अपने यहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या पोर्टल पर दर्ज करनी होगी। मदरसा बोर्ड के रजिस्ट्रार के आदेश के बाद मदरसों ने छात्र-छात्राओं की संख्या यूडाइस पोर्टल पर अपलोड करनी शुरू कर दी है। हालत ये है कि पिछले साल की अपेक्षा केवल 46 प्रतिशत ही छात्र-छात्राएं पोर्टल पर प्रदर्शित हो रहे हैं।

प्रदेश सरकार द्वारा बेसिक शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा परिषद को निर्देशित किया था कि वह अपने-अपने अधीन आ रहे स्कूलों, कॉलेजों का डाटा ऑनलाइन कराएं। इसमें स्कूल बिल्डिंग से लेकर स्कूल स्टाफ, छात्र-छात्राओं का भी डाटा अपलोड करें। इसके बाद संबंधित विभागों द्वारा काम शुरू कर दिया गया था। हालांकि मदरसा संचालकों ने पहले इसका विरोध किया, फिर उन्होंने भी डाटा अपलोड करना शुरू कर दिया।

यहां चौकाने वाली बात यह है कि डाटा अपलोड करते ही छात्र-छात्राओं की संख्या कम होने लगी है। हालात ये हैं कि पिछले साल 2022-2023 में 42068 छात्र-छात्राएं 242 मदरसों में पंजीकृत थे। जब ऑनलाइन डाटा अपलोड करने का नंबर आया तो महज 19615 ही छात्र-छात्राएं अब तक प्रदर्शित हो रहे हैं।

वहीं विभागीय अधिकारियों के अनुसार, करीब पांच हजार छात्र-छात्राएं और पोर्टल पर और प्रदर्शित हो रहे हैं, हालांकि उनकी जानकारी अभी आधी अधूरी है। जब उनकी जानकारी पूर्ण नहीं होती उन्हें पंजीकृत विद्यार्थी नहीं माना जाएगा। इस संबंध में बीएसए स्वाती भारती ने बताया कि सभी को निर्देश हैं कि वह जल्द से जल्द डाटा अपलोड करें।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button