पटाखे का अवैध भंडारण न हो : डीएम

बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिशानिर्देश देते डीएम। प्रशासन
शाहजहांपुर। डीएम की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने पटाखे का अवैध भंडारण रोकने और निर्धारित स्थान पर ही इसकी दुकानें लगवाने के निर्देश दिए। दिवाली पर बेचे जाने वाले खाद्य पदार्थों की जांच के लिए भी अफसरों से कहा। बाइक में हूटर लगाकर स्टंट करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए।
जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में हुई बैठक में डीएम उमेश प्रताप सिंह ने कहा कि आतिशबाजी के विक्रय के लिए चयनित स्थल पर अग्निशमन के लिए प्रबंधन किया जाए। डीएम ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को दीपावली पर सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्टाफ की उपस्थिति, समुचित उपचार का प्रबंध और एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। विद्युत निगम के अधिकारियों को सभी तहसीलों में विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने और विद्युत की निर्बाध आपूर्ति और खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने के लिए कहा। बैठक में एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय, एडीएम एफआर डॉ.सुरेश कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट वेद प्रकाश मिश्रा, अपर नगर आयुक्त एसके सिंह समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
कंट्रोल रूम के ये हैं नंबर
डीएम ने बताया कि दीपावली पर जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम संचालित रहेगा, जिसका नंबर 05842-220017, 05842-220018, 05842-220019 है। इन नंबरों पर किसी भी प्रकार की सूचना दी जा सकती है। एसपी अशोक कुमार मीणा ने सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि आतिशबाजी विक्रय के लिए चयनित स्थानों का भ्रमण कर लें।