Shahjahanpur: पुलिस पिकेट से 15 मीटर की दूरी पर दुकान में चोरी, भगवान की मूर्तियां भी ले गए चोर

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : Social Media
विस्तार
शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के एटीएम वाली गली निवासी ममता शर्मा की कॉस्मेटिक की दुकान से चोरों ने हजारों रुपये का माल चोरी कर लिया। हमजापुर चौराहे पर पुलिस पिकेट होने के बाद चोरी से पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लग रहा है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
ममता शर्मा की शाहजहांपुर-निगोही मार्ग पर हमजापुर चौराहे से दस मीटर की दूरी पर स्थित हनुमान मंदिर के सामने कॉस्मेटिक की दुकान है। वह पूजा की सामग्री भी बेचती हैं। अस्थायी दुकान को त्रिपाल से ढककर रस्सी से बांधने के बाद सोमवार की रात ममता शर्मा घर चली गई। रात में चोरों ने पुलिस पिकेट को धता बताकर चोरी की घटना को अंजाम दे दिया।
चौराहे पर पुलिस आराम फरमाती रही और चोर माल समेटकर भाग गए। सुबह जानकारी होने पर ममता शर्मा मौके पर पहुंचीं। उन्होंने थाने पर तहरीर दी है। ममता ने बताया कि चोर 80 घंटे, 30 घंटी, पांच पैकेट चंदन, दस जोड़ी पायल, झुमकी, अंगूठी, पीतल की भगवान की मूर्ति आदि ले गए हैं।