बच्चों को नशे से बचाने के लिए विद्यालयों में हो निगरानी : त्रिपाठी

विकास भवन सभागार में कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक करते बाल संरक्षण आयोग के सदस्य श्याम त्
बदायूं। राज्य बाल संरक्षण आयोग के सदस्य श्याम त्रिपाठी ने कहा कि बच्चों को नशे से बचाने के लिए विद्यालयों में निगरानी की जाए। स्कूलों की 100 मीटर परिधि में नशीले पदार्थों की कोई दुकान न हो। इस दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह पाबंदी लगाई जानी चाहिए।
बुधवार को सीडीओ केशव कुमार के साथ विकास भवन स्थित सभागार में बच्चों से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक में श्याम त्रिपाठी ने पीएम केयर, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड), एवं स्पॉन्सरशिप आदि योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जागरूक कर पात्रों को इनका लाभ दिलाया जाए।
बच्चों को नशे से बचाने के लिए डीआईओएस को स्कूलों, कॉलेजों में निगरानी के निर्देश दिए। आबकारी विभाग को निर्देश दिए कि शराब की दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं। 21 वर्ष से कम आयु वालों को शराब बिक्री न की जाए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के सामने खुले मेडिकल स्टोर्स हटवाए जाएं। बीएसए को आरटीई के तहत गरीब बच्चों के शत प्रतिशत दाखिले सुनिश्चित कराने को कहा।
मतदेय स्थलों की सूचियां निशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध
बदायूं। डीएम मनोज कुमार ने बताया कि जिले की सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों बिसौली, सहसवान, बिल्सी, बदायूं , शेखूपुर एवं दातागंज के मतदेय स्थलों की सूचियों का अंतिम प्रकाशन भारत निर्वाचन आयोग के अनुमोदन के पश्चात कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इन मतदेय स्थलों की सूचियां कार्यालय जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला निर्वाचन कार्यालय, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, तहसील कार्यालयों पर निशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध हैं।