अंडरपास : उधड़ी सड़क बनाई नहीं, आगे का निर्माण शुरू

नेकपुर स्थित अंडरपास की सड़क पर होता मरम्मत का कार्य। संवाद
सड़क मरम्मत के काम में हो रही खानापूर्ति, रेलवे के अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। नेकपुर अंडरपास की सड़क की दस दिन पहले ही आधी-अधूरी मरम्मत की गई थी, अब फिर गड्ढे नजर आने लगे हैं। ऐसे में साफ हो गया है कि कार्य में पूरी तरह खानापूर्ति की गई। अब एक बार फिर रेलवे की नींद टूटी है लेकिन अब पुराने गड्ढों को भरवाने की बजाए आगे की सड़क का निर्माण कराया जा रहा है।
रेलवे ने शहर में एक अंडरपास बनवाया है। यहां काफी समय से सड़क टूटी चल रही थी। जिसकी वजह से लोगों को परेशानी हो रही थी। पिछले दिनों रेलवे को इस सड़क को बनाने की याद आई। ऐसे में रेलवे ने अगस्त के अंत में साढ़े तीन लाख रुपये की लागत से सड़क की मरम्मत का काम शुरू कराया, जिसे बीच में रोक ही दिया गया।
अब जहां मरम्मत कार्य हुआ था वहां भी महज 10 दिनों के बाद फिर गड्ढे नजर आने लगे हैं। ऐसे में लोगों को परेशानी हो रही है। मजेदार बात तो यह है कि सोमवार से इस सड़क की फिर मरम्मत शुरू की गई है लेकिन पुराने गड्ढ़ों को ठीक करने के बजाए आगे की सड़क बनवाई जा रही है। ऐसे में लोगों ने पहले पुराने गड्ढ़ों को भरवाने की मांग की है।
–
दिनभर लगा जाम, स्कूल के बच्चों को हुई परेशानी
नेकपुर अंडरपास में सोमवार को सड़क मरम्मत का काम किया गया। यह लालपुल से कचहरी होते हुए उसावां, म्याऊं, दातागंज रोड को भी जोड़ने वाला मार्ग है। ऐसे में सड़क पर दिनभर जाम की स्थिति रही। दोपहर के समय स्कूली वाहन निकलने से स्थिति ज्यादा खराब हो गई। इससे स्कूली बच्चों को काफी परेशानी हुई।
–
नेकपुर अंडरपास में सड़क मरम्मत का काम चल रहा हैं। जल्द ही वह पूरा हो जाएगा जो भी कमियां होंगी, उसे ठेकेदार पूरा करेगा।
-जाकिर, आईओडब्ल्यू रेलवे