UP: छात्रा की साइकिल गायब…आरोपी के बयानों में भी झोल, खुद को निर्दोष बता जन्मदिन और गिफ्ट देने की कहानी गढ़ी

छात्रा को ट्रेन के सामने फेंकने का मामला
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के सीबीगंज इलाके में छात्रा को ट्रेन के आगे फेंकने के मामले में सच्चाई दूसरे दिन भी पूरी तरह से सामने नहीं आ सकी है। छात्रा का बैग भले ही मिल गया है, लेकिन साइकिल नहीं मिल सकी है। आरोपी खुद निर्दोष बताकर अपने बचाव में कई गोलमोल दावे किए, लेकिन सवालों के सही जवाब नहीं दे सका।
बुधवार को छात्रा दूसरे गांव के एक कोचिंग सेंटर पर पढ़ने जाती थी। मंगलवार शाम चार बजे उसकी कोचिंग छूटी थी, वह रोज साइकिल से आती-जाती थी। रोज की तरह साढ़े चार बजे जब वह अपने घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश की। उसका कोई पता नहीं चला।
रात नौ बजे वह गंभीर हालत में रेलवे ट्रैक पर मिली। दूसरे दिन पुलिस ने मौके पर जांच की। तब उसका बस्ता तो मिला पर उसकी साइकिल नहीं मिली। साइकिल के बारे में जब आरोपी से बात की तो उसने गोलमोल जवाब दिए। कहा कि मंगलवार को छात्रा का जन्मदिन था। जन्मदिन उसने अपनी सहेली के घर सीबीगंज में मनाया था। उन लोगों की दोस्ती थी।
उसने छात्रा को एक घड़ी पहले ही गिफ्ट कर दी थी। जन्मदिन की पार्टी से छात्रा ने उससे वीडियो कॉल पर बात की थी। आरोपी ने ये भी बताया कि छात्रा ने मोबाइल पर शाम को अपनी मां से भी बात की थी। उसने कहा था कि वह अब उन्हें नहीं मिलेगी। छात्रा की मां से बातचीत को लेकर उसकी मौजूदगी के बारे में वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सका।

