UP: सिपाही से बोला दरोगा- इलाके में चाहे पेड़ कटे या अवैध खनन हो, मौके पर मत जाना; अगर रात में गए तो मैं…

सिपाही और दरोगा की बातचीत का ऑडियो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं के फैजगंज बेहटा इलाके में सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि ऑडियो थाने में तैनात एक दरोगा और सिपाही के बीच बातचीत की है, जिसमें दरोगा बेझिझक कहता सुनाई दे रहा है कि क्षेत्र में चाहे पेड़ कटे या अवैध खनन होता रहे, मौके पर मत जाना। अगर रात में कूदकर पहुंचोगे तो मैं तुम्हारी ड्यूटी कटवा देता हूं।
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में अवैध खनन और पेड़ कटान का कार्य पुलिस की मिलीभगत से चल रहा है। इसकी पुष्टि बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुई ऑडियो क्लिप से हो रही है। बताया जा रहा है कि ऑडियो क्लिप में एक दरोगा और सिपाही आपस में बात कर रहे हैं।
ऑडियो में जो दरोगा बोल रहा है, वह फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में हल्का नंबर तीन पर तैनात है जबकि सिपाही का बांदा ट्रांसफर हो चुका है। फिलहाल इस समय सिपाही पुलिस लाइन में है। ऑडियो क्लिप के अनुसार सिपाही ने दरोगा को कॉल की थी। सिपाही ने उससे किसी संबंध में बात की। इसके बाद दरोगा सिपाही से कहता सुनाई दिया कि क्षेत्र में कोई काम हो तो जाना मत।
सिपाही ने जब कई बार दरोगा से काम के बारे में पूछा तो दरोगा बोला क्षेत्र में चाहे पेड़ कट रहा हो या मिट्टी पड़ रही हो तुम वहां जाना मत। मैं इसलिए कह रहा हूं कि तुम जरूर कूदकर पहुंच जाओगे। अब कोई आदमी बात करके गया है और वहां पुलिस पहुंच जाए तो अच्छा नहीं रहेगा। इसके बाद सिपाही कहता है कि आपने बता दिया तो मैं नहीं जाऊंगा।