UP Nikay Chunav: सवा दो लाख पन्ना प्रमुख बने भाजपा की जीत का आधार, नगर निकायों में खिलाया ‘कमल’

प्रेसवार्ता करते क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नगर निकाय चुनाव में बरेली समेत बृजक्षेत्र की छह नगर निगम सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। 38 नगर पालिकाओं में 18 पर जीत दर्ज की। इसी तरह 112 नगर पंचायतों में 47 पर भाजपा ने कब्जा किया। यह आंकड़े सोमवार को बरेली में सिविल लाइंस के एक होटल में बृजक्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने प्रेसवार्ता के दौरान बताए। उन्होंने बताया कि बृजक्षेत्र में बनाए गए सवा दो लाख पन्ना प्रमुख का जीत में अहम योगदान रहा।
दुर्विजय सिंह शाक्य ने बताया कि नगर निगम के वार्डों में 470 में 263 पार्षद भाजपा की टिकट पर जीते हैं और चार ऐसी नगर पालिकाओं व 22 नगर पंचायत पर कब्जा किया, जहां पहले कभी भाजपा ने जीत हासिल नहीं की थी।
इन सीटों पर जनसंपर्क के लिए भाजपा ने 334 मंडल का गठन किया था और 26 हजार 462 बूथों का गठन किया था। इन बूथों से मतदाताओं से लगातार संपर्क और उन्हें वोट देने के लिए प्रेरित करने की प्रमुख भूमिका में दो लाख 21 हजार 134 पन्ना प्रमुखों को लगाया गया था।


