UP Nikay Chunav 2023: बरेली में मतदाताओं का इम्तिहान… अबकी बार रचें मतदान का कीर्तिमान

निकाय चुनाव।
– फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
बरेली में बृहस्पतिवार को शहर और निकायों की सरकार चुनने के लिए मतदान होगा। प्रत्याशी तो चुनाव प्रचार में अपनी ताकत झोंक चुके हैं, अब मतदाताओं का इम्तिहान है। कारण, पिछले निकाय चुनाव में बरेली में सबसे कम मतदान हुआ था। नगर निगम में सिर्फ 45 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इस बार मतदाताओं को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए घर से निकलना होगा और मतदान कर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
पिछले चुनाव में सबसे अधिक मतदान नगर पंचायत फरीदपुर में 83.91 और रिठौरा में 82 फीसदी हुआ था। महज 45 फीसदी मतदान के साथ नगर निगम क्षेत्र के लोग सबसे निचले पायदान पर रहे थे। इस तस्वीर को बदलने के लिए शहर के लोगों को घर से निकलकर मतदान करना होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि मतदाताओं की सहूलियत के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। मतदाता पर्ची भी घर-घर पहुंचाई जा रही है, ताकि उन्हें मतदान केंद्रों पर भटकना न पड़े। महिलाओं के लिए पिंक बूथ भी बनाए जा रहे हैं।



