UPSC CSE Result 2022: पिता बरेली में पुलिस अफसर, बेटी बनी आईएएस; स्मृति मिश्रा की देश में चौथी रैंक

स्मृति मिश्रा
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने मंगलवार को सिविल सेवा 2022 परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। बरेली में तैनात सीओ सेकेंड राजकुमार मिश्रा की बेटी स्मृति मिश्रा ने देश में चौथी रैंक प्राप्त की है। स्मृति के आईएएस बनने की खबर मिलते ही पिता राजकुमार मिश्रा खुशी से झूम उठे। बेटी की सफलता पर पुलिस विभाग के अफसरों ने उनको बधाई दी। उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
बरेली में करीब दो साल से सीओ सेकेंड पद पर तैनात राजकुमार मिश्रा मूलरूप से प्रयागराज के रहने वाले हैं। उनकी बेटी स्मृति मिश्रा अपनी मां अनीता मिश्रा के साथ दिल्ली में रह रही हैं। स्मृति मिश्रा के भाई लोकेश मिश्रा सुप्रीम कोर्ट में वकील हैं।
तीसरे प्रयास में मिली सफलता
स्मृति मिश्रा वर्तमान में दिल्ली से लॉ की पढ़ाई कर रही हैं। उनकी 12 वीं तक की पढ़ाई आगरा से हुई। उन्हें तीसरे प्रयास में सफलता मिली है। मंगलवार दोपहर राजकुमार मिश्रा को फोन पर बेटी ने आईएएस बनने की खबर दी। बेटी की सफलता पर उनका चेहरा खुशी से खिल गया।

सीओ सेकेंड राजकुमार मिश्रा की बेटी स्मृति मिश्रा
राजकुमार मिश्रा ने बताया कि स्मृति ने दसवीं के बाद ही ठान लिया था कि उसे आईएएस बनना है। बेटी ने कड़ी मेहतन और लगन से पढ़ाई की, जिसका नतीजा आज सामने है। एक पिता के लिए इससे बड़ी खुशी और कोई नहीं हो सकती। उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है।


