VIDEO : शाहजहांपुर में निकली राजगद्दी शोभायात्रा, श्रीराम-भरत का मिलाप देख भावुक हुए नगरवासी
शाहजहांपुर के खिरनीबाग के जीआईसी खेल मैदान में आयोजित रामलीला का रावण वध के साथ समापन होने के बाद राजगद्दी शोभायात्रा निकाली गई। बृहस्पतिवार सुबह शोभायात्रा चौक पहुंची, जहां पर राम भरत मिलाप को लीला का मंचन हुआ। जिसको देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
सुबह जब नंगूलाल मंदिर के सामने राम-भरत मिलाप की बेला आई, श्रद्धा व आस्था की लहरें ठहर सी गई। हजारों आंखे राम भरत मिलाप के दृश्य के ठिठक गई। सवा सात बजे के करीब जब राम और भरत परस्पर को एक दूसरे को देखकर दौड़कर गले मिले, लोगों की आंखें भर आई। लक्ष्मण और शत्रुघ्न भी गले मिले। चारों भाइयों के असीम प्यार के सुखद पलों को लोगों ने मोबाइल में कैद किया। मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने राम समेत सभी की आरती उतारकर पूजन किया। इसके बाद श्रीराम राज्याभिषेक की परंपरा निभाई।
राम भरत मिलाप के बाद स्वरूपों को श्रद्धालु रथ से खींचकर मठिया मंदिर ले गए। यहां श्रद्धालुओं ने स्वरूपों का पूजन अर्चन किया। कूंचालाला, खजांजी बाग, उदासीन संगत के बाद राजगद्दी शोभायात्रा चौक होते हुई दलेलगंज स्थित रामजानकी मंदिर पहुंची। यहां ओमदेव गुप्ता ने पूजा अर्चना कर शोभायात्रा का विसर्जन किया।