VIDEO : श्रेष्ठ जीवन जीने के लिए समय प्रबंधन जरूरी, ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी ने दिए खुशहाल जीवन के टिप्स
मौजूदा परिवेश में हर व्यक्ति का जीवन भागदौड़ से भरा है। ऐसे में हम जीवन जीने की कला को ही भूलते जा रहे हैं। रात को देर से सोने व सुबह देर से उठने की आदत हो गई है। इस तरह हमारा जीवन स्थिर कैसे होगा? बचपन से ही पुरुषार्थ के ग्राफ को ऊपर लेकर जाना चाहिए। इसकी जिम्मेदारी अभिभावकों के साथ बच्चों की भी है। श्रेष्ठ जीवन जीने के लिए समय का प्रबंधन परम आवश्यक है। बरेली के आईएमए सभागार में आयोजित ‘जिंदगी बने खुशहाल’ कार्यक्रम में जीवन प्रबंधन विशेषज्ञ ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी ने ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि समय प्रबंधन की कवायद सुबह उठते ही शुरू हो जाती है। समय अनमोल है। गुजरा हुआ समय कभी वापस नहीं आएगा। आप के पास दिन में कितना समय है, आप उसका किस तरह उपयोग कर रहे हैं, यह जानना भी जरूरी है। महिलाएं घर में बच्चों को तैयार करने से लेकर चाय बनाने तक हर चीज में समय प्रबंधन करें।
कोरोना काल ने हमें धैर्य से जीना सिखाया
शिवानी दीदी ने कहा कि कोरोना काल सभी को याद होगा। उस दौर के बाद हर व्यक्ति की मनोस्थिति में बदलाव आया है। सोचने-समझने की क्षमता पर भी इसका प्रभाव हुआ। धन, वैभव और यश की ओर भाग रहे लोग कुछ समय के लिए ठहर गए थे। उस काल में व्यक्ति के अंदर जो सकारात्मक बदलाव आया, वह है धैर्य। न चाहते हुए भी बहुत सी चीजों को अपने से दूर करना पड़ा। कोरोना जाते-जाते हमें बहुत कुछ सिखा गया।



